Kosi Live-कोशी लाइव SUPAUL: किशनपुर में डीजल टैंकर में लगी भीषण आग, अफरा-तफरी के बीच दमकल ने पाया काबू - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, April 10, 2026

SUPAUL: किशनपुर में डीजल टैंकर में लगी भीषण आग, अफरा-तफरी के बीच दमकल ने पाया काबू

सुपौल: किशनपुर में डीजल टैंकर में लगी भीषण आग, अफरा-तफरी के बीच दमकल ने पाया काबू

सुपौल/किशनपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के किशनपुर-पिपरा मुख्य पथ स्थित सिंगिआवन गांव के पश्चिम बाबू साहब बायोफ्यूल पेट्रोल पंप पर गुरुवार को बड़ा हादसा टल गया। डीजल निकालने के दौरान अचानक टैंकर में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, पेट्रोल पंप कर्मी टैंकर से डीजल निकाल रहे थे, तभी अचानक आग भड़क उठी। आग की खबर मिलते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और लोग टैंकर के पास जाने से भी डरने लगे।

सूचना मिलने पर किशनपुर थाना से अग्निशामक वाहन मौके पर पहुंचा, लेकिन पानी से आग बुझाने की कोशिश के दौरान आग और भड़कने लगी। इसके बाद थानाध्यक्ष के निर्देश पर सुपौल से पहुंची दमकल टीम ने थर्मोकोल गैस के जरिए आग पर काबू पाया, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।

घटना के दौरान स्थानीय लोगों को टैंकर में विस्फोट का डर सता रहा था। संभावित खतरे को देखते हुए कई लोग अपने घरों को बचाने के लिए पानी की व्यवस्था करने में जुट गए।

थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने बताया कि आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है।