Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:करोड़ों की चोरी का खुलासा: दिल्ली पुलिस पहुंच बिहार, आरोपी को ले जाने की तैयारी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, April 10, 2026

BIHAR:करोड़ों की चोरी का खुलासा: दिल्ली पुलिस पहुंच बिहार, आरोपी को ले जाने की तैयारी

अररिया में करोड़ों की चोरी का खुलासा: दिल्ली पुलिस पहुंची, आरोपी को ले जाने की तैयारी

अररिया। नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, विदेशी करेंसी और नकदी के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी पश्चिम बंगाल का निवासी है, जो चोरी का सामान लेकर बस स्टैंड से फरार होने की फिराक में था।

एसपी जितेंद्र कुमार ने गुरुवार को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर बस स्टैंड के पास संदिग्ध स्थिति में युवक को तीन ट्रॉली बैग के साथ पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान बैग की तलाशी लेने पर करोड़ों रुपये के जेवरात, विदेशी मुद्रा और भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई।

आरोपी की पहचान उत्तर दिनाजपुर (पश्चिम बंगाल) के चोपड़ा थाना क्षेत्र निवासी अख्तर अली के रूप में हुई है। उसने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में एक मकान मालिक के यहां नौकर था और परिवार की गैरमौजूदगी में घर से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य सामान चोरी कर फरार हो गया था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी के सामान के साथ दिल्ली से बस के जरिए अररिया पहुंचा और वहां से पश्चिम बंगाल भागने की योजना बना रहा था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे धर दबोचा।

बरामद सामान में 689 ग्राम सोने का बिस्किट, 570 ग्राम सोने के आभूषण, 670 ग्राम चांदी के गहने, करीब 29.76 लाख रुपये नकद, विभिन्न देशों की करेंसी (डॉलर, पाउंड, यूरो, दिनार), एक महंगी रॉलेक्स घड़ी, कई एंड्रॉयड मोबाइल और अन्य कीमती सामान शामिल हैं।

मामले में नगर थाना कांड संख्या 192/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। इधर, दिल्ली पुलिस की टीम भी अररिया पहुंच चुकी है और आरोपी को अपने साथ दिल्ली ले जाने की प्रक्रिया में जुटी है।