Kosi Live-कोशी लाइव SUPAUL:पुलिस की मुस्तैदी से टली बड़ी लूट, किशनपुर में दो बदमाश हथियार समेत गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, April 13, 2026

SUPAUL:पुलिस की मुस्तैदी से टली बड़ी लूट, किशनपुर में दो बदमाश हथियार समेत गिरफ्तार

सुपौल में पुलिस की मुस्तैदी से टली बड़ी लूट, किशनपुर में दो बदमाश हथियार समेत गिरफ्तार

सुपौल के किशनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता से लूटपाट की एक बड़ी वारदात होने से पहले ही विफल हो गई। शाम करीब 4 बजे एनएच-27 स्थित पैक्स गोदाम के पास चार बदमाश लूट की योजना बनाकर पहुंचे थे, लेकिन समय रहते पुलिस की सक्रियता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।

जानकारी के अनुसार, चारों बदमाश एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर घटनास्थल पर पहुंचे थे और राहगीरों को निशाना बनाने की फिराक में थे। इसी दौरान किशनपुर थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन गश्ती दल के साथ वहां पहुंच गए। पुलिस वाहन को देखते ही सभी बदमाश मौके से भागने लगे।

दो बदमाश दबोचे गए, दो फरार

थानाध्यक्ष ने तुरंत पीछा शुरू किया और कुछ दूरी तक खदेड़ने के बाद अरहा पैक्स गोदाम के पास दो बदमाशों को पकड़ लिया गया, जबकि दो अन्य अंधेरे और इलाके का फायदा उठाकर फरार हो गए।

गिरफ्तार बदमाशों की पहचान सुशांत कुमार (18), पिता योग नारायण उर्फ जोगन यादव, और प्रशांत कुमार (20) के रूप में हुई है। दोनों प्रतापगंज थाना क्षेत्र के तीन टोलिया गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। तलाशी के दौरान प्रशांत कुमार के पास से एक देसी कट्टा बरामद किया गया।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। समय रहते कार्रवाई कर संभावित अपराध को टाल दिया गया। फरार दो अन्य बदमाशों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वहीं दोनों गिरफ्तार आरोपियों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

इस कार्रवाई के बाद इलाके में अपराधियों और असामाजिक तत्वों में दहशत है, जबकि आम लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है। किशनपुर थाना पुलिस ने कहा है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।