Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में लग्जरी सफारी गाड़ी से 32 किलो गांजा जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, April 13, 2026

बिहार में लग्जरी सफारी गाड़ी से 32 किलो गांजा जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार

कैमूर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सफारी गाड़ी से 32 किलो गांजा जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार

कैमूर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। भभुआ थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक सफेद रंग की सफारी गाड़ी से 32 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, भभुआ के प्रभारी थानाध्यक्ष संतोष कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि एक लग्जरी वाहन से नशीले पदार्थों की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पटेल कॉलेज के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।

इसी दौरान संदिग्ध सफेद रंग की सफारी गाड़ी वहां पहुंची। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। हालांकि, वाहन में सवार एक अन्य आरोपी को पुलिस ने मौके पर दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान भगवानपुर थाना क्षेत्र के अमरपुर गांव निवासी भानजी सिंह के पुत्र अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने जब्त सफारी वाहन की तलाशी ली तो उसमें छुपाकर रखा गया कुल 32 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की कीमत बाजार में लाखों रुपये बताई जा रही है।

प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उसके बयान के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

पुलिस ने वाहन को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।