Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:भाजपा युवा मोर्चा नेता रोहित चौधरी शराब तस्करी में गिरफ्तार, 264 लीटर विदेशी शराब बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, April 13, 2026

BIHAR:भाजपा युवा मोर्चा नेता रोहित चौधरी शराब तस्करी में गिरफ्तार, 264 लीटर विदेशी शराब बरामद

किशनगंज में भाजपा युवा मोर्चा नेता रोहित चौधरी शराब तस्करी में गिरफ्तार, 264 लीटर विदेशी शराब बरामद

किशनगंज में भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष और विश्व हिंदू परिषद के पूर्व कोषाध्यक्ष रोहित चौधरी को शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। किशनगंज पुलिस ने सोमवार को कोचाधामन थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान उन्हें भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ पकड़ा। पुलिस ने उनके कब्जे से एक कार, नकदी और मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोचाधामन थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से एक वाहन के जरिए अवैध विदेशी शराब बिहार लाई जा रही है। सूचना के बाद चरधरिया चेक पोस्ट पर वाहनों की जांच शुरू कर दी गई।

कार से 264.28 लीटर विदेशी शराब बरामद

जांच के दौरान किशनगंज की ओर से आ रही काले रंग की टाटा नेक्सॉन कार (नंबर BR37AB2668) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में कार से कुल 264.28 लीटर विभिन्न ब्रांड की पश्चिम बंगाल निर्मित विदेशी शराब बरामद हुई।

कार चालक रोहित चौधरी (38 वर्ष), पिता कैलाश चौधरी, निवासी रुइधासा वार्ड नंबर-23, थाना एवं जिला किशनगंज को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से 30,200 रुपये नकद और एक एप्पल आईफोन भी जब्त किया गया।

नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस अब इस मामले में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है। तकनीकी विश्लेषण के जरिए फरार सहयोगियों का पता लगाया जा रहा है। साथ ही आरोपी द्वारा अर्जित अवैध संपत्ति को चिन्हित कर जब्ती की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

राजनीतिक हलचल तेज

रोहित चौधरी स्थानीय स्तर पर भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष और विश्व हिंदू परिषद के पूर्व कोषाध्यक्ष रह चुके हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

एसपी संतोष कुमार ने कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध शराब तस्करी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। यह कार्रवाई बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने की दिशा में पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।