चुनाव से पहले कोलकाता STF की बड़ी कार्रवाई, बिहार का कुख्यात हथियार तस्कर गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद
कोलकाता, विकास गुप्ता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से ठीक पहले कोलकाता पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए बिहार के एक कुख्यात अंतरराज्यीय हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से आधुनिक पिस्तौल, देसी हथियार और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि इन हथियारों का इस्तेमाल चुनाव के दौरान अशांति फैलाने के लिए किया जाना था।
BT रोड पर STF का ऑपरेशन, जाल बिछाकर गिरफ्तारी
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को STF को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार से हथियारों की एक बड़ी खेप कोलकाता लाई जा रही है। सूचना के आधार पर चितपुर थाना क्षेत्र के बीटी रोड इलाके में घेराबंदी कर विशेष अभियान चलाया गया। इसी दौरान संदिग्ध व्यक्ति शमीम आलम (40) को गिरफ्तार कर लिया गया।
नवादा का रहने वाला है आरोपी
पुलिस पूछताछ में पता चला कि गिरफ्तार आरोपी शमीम आलम बिहार के नवादा जिले के रत्ननी क्षेत्र अंतर्गत बुधवारा के निकट बकासोती गांव का रहने वाला है। पूछताछ के दौरान वह हथियारों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
बरामद हथियारों का जखीरा देख पुलिस भी हैरान
STF प्रमुख वी सोलोमन नेशा कुमार ने बताया कि आरोपी के पास से बड़ी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। बरामद सामान में शामिल हैं—
- 3 सिंगल शॉटर फायर आर्म्स
- 1 पीस 7 एमएम पिस्तौल (मैगजीन सहित)
- 14 राउंड 8 एमएम पिस्तौल के कारतूस
- 100 राउंड 7 एमएम पिस्तौल के कारतूस
किसे दी जानी थी डिलीवरी, जांच में जुटी STF
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कोलकाता में ये हथियार किसे सौंपे जाने वाले थे। साथ ही तस्करी के पीछे बिहार और कोलकाता के किन-किन गिरोहों का हाथ है, इसकी भी जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
आज कोर्ट में होगी पेशी
गिरफ्तार आरोपी शमीम आलम को मंगलवार को कोलकाता की बैंकशाल कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस रिमांड की मांग कर सकती है। चुनाव से पहले हुई इस कार्रवाई को सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।