कभी विरोध, अब वीडियो कॉल पर भविष्यवाणी! तेज प्रताप यादव ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से पूछा राजनीतिक भविष्य
पटना : बिहार की राजनीति में एक दिलचस्प वीडियो सामने आया है, जिसमें जेडी(डी) नेता तेज प्रताप यादव और कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच बातचीत होती नजर आ रही है। वीडियो में तेज प्रताप यादव मुस्कुराते हुए धीरेंद्र शास्त्री से अपना राजनीतिक भविष्य पूछते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो कॉल पर पूछा राजनीतिक भविष्य
वायरल वीडियो में तेज प्रताप यादव कहते सुनाई दे रहे हैं, “मेरा थोड़ा राजनीतिक भविष्य देख लीजिए।” इस पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जवाब देते हैं, “हम लोग जब साथ बैठेंगे, तब देख लेंगे।” दोनों के बीच यह हल्की-फुल्की बातचीत अब सोशल media पर तेजी से चर्चा का विषय बन गई है।
जिनका किया था विरोध, अब उन्हीं से बातचीत
यह वही धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री हैं, जिनके बिहार आगमन का तेज प्रताप यादव ने वर्ष 2023 में खुलकर विरोध किया था। उस समय उन्होंने उनके पटना आने पर कड़ी आपत्ति जताई थी, लेकिन अब उन्हीं से वीडियो कॉल पर बातचीत करने से सियासी हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
2023 में दी थी चेतावनी
जब धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पटना के नौबतपुर में कथा करने आने वाले थे, तब तेज प्रताप यादव ने कहा था कि बिहार गांधी और बुद्ध की धरती है। अगर कोई यहां हिंदू-मुस्लिम को लड़ाने आएगा तो उसे वापस लौटना होगा।
उन्होंने यहां तक कहा था कि जरूरत पड़ी तो वे पटना एयरपोर्ट का घेराव करेंगे। उस समय उनका यह बयान काफी सुर्खियों में रहा था।
“हम बहुत बड़े बाबा हैं” बयान भी हुआ था वायरल
वन एवं पर्यावरण मंत्री रहते हुए तेज प्रताप यादव ने एक कार्यक्रम में बिना नाम लिए धीरेंद्र शास्त्री पर निशाना साधते हुए कहा था, “बहुत बाबा आए, लेकिन हम बहुत बड़े बाबा हैं। हम जमीन से लेकर पाताल तक नाप देंगे।” यह बयान भी उस समय खूब वायरल हुआ था।
राम रहीम और आसाराम से की थी तुलना
तेज प्रताप यादव ने पहले धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तुलना राम रहीम और आसाराम बापू से भी की थी। अब उसी धीरेंद्र शास्त्री से वीडियो कॉल पर अपना राजनीतिक भविष्य पूछना उनके बदले हुए रुख के तौर पर देखा जा रहा है।
चर्चा में नया सियासी अंदाज
कभी तीखे विरोध और बयानबाजी करने वाले तेज प्रताप यादव का यह नया अंदाज अब सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चा का विषय बन गया है।