पटना GPO गोलंबर पर महिला दरोगा का वीडियो वायरल, ऑटो चालक से पैसे मांगने के आरोप में सस्पेंड
पटना : राजधानी पटना के GPO गोलंबर स्थित ट्रैफिक पोस्ट पर तैनात महिला दरोगा प्रिया कुमारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में महिला दरोगा एक ऑटो में बैठकर चालक से इशारों में रुपए मांगती नजर आ रही हैं। दावा किया जा रहा है कि वह 400 रुपये से अधिक रकम की मांग कर रही थीं। वीडियो सामने आने के बाद ट्रैफिक विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है।
ट्रैफिक एसपी ने किया सस्पेंड
मिली जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो के संज्ञान में आते ही ट्रैफिक एसपी ने महिला दरोगा प्रिया कुमारी को सस्पेंड कर दिया। विभाग की ओर से कहा गया है कि इस तरह के व्यवहार से पुलिस विभाग की छवि धूमिल हुई है।
स्पष्टीकरण मांगा, विभागीय जांच शुरू
प्रिया कुमारी से ट्रैफिक एसपी कार्यालय की ओर से इस मामले में स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
वसूली को लेकर पहले भी उठते रहे सवाल
बताया जा रहा है कि GPO गोलंबर के पास ऑटो चालकों से अवैध वसूली की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। यहां से एक रास्ता पटना जंक्शन की ओर जाता है, जहां बड़ी संख्या में ऑटो का संचालन होता है। कुछ ऑटो रेलवे स्टेशन परिसर में जाते हैं, जबकि कई सड़क किनारे खड़े रहते हैं।
दूसरे गुट ने बनाया वीडियो
सूत्रों के अनुसार, इलाके में दबदबा कायम रखने के लिए कुछ निजी लोग और ऑटो चालकों के बीच भी गुटबाजी चलती है। आरोप है कि इसी विवाद के तहत महिला दरोगा का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। हालांकि बाद में समझौते की कोशिश भी हुई, लेकिन मामला वरीय अधिकारियों तक पहुंच गया।
GPO गोलंबर पर अवैध पार्किंग से जाम की समस्या
GPO गोलंबर के पास सड़क किनारे अवैध रूप से ऑटो खड़े किए जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। ट्रैफिक पोस्ट होने के बावजूद ऑटो चालकों की मनमानी जारी रहने से अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है।