सहरसा में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज के लिए गला दबाकर हत्या का आरोप
सहरसा। जिले के सौरबाजार थाना क्षेत्र के बखरी गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
13 मार्च को हुई थी शादी
मिली जानकारी के अनुसार, सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के हुसेनचक वार्ड संख्या-4 निवासी स्वर्गीय सुभाष मेहता की पुत्री प्रतिमा कुमारी की शादी 13 मार्च 2026 को सौरबाजार थाना क्षेत्र के बखरी गांव निवासी रितेश मेहता के साथ हुई थी।
परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति रितेश मेहता द्वारा प्रतिमा पर मायके से मकान की ढलाई के लिए 5 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया जा रहा था।
देर रात मिली मौत की खबर
बताया गया कि मंगलवार की शाम प्रतिमा अपने पति के साथ ससुराल आई थी। देर रात मायके वालों को उसकी मौत की सूचना दी गई। परिजनों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर प्रतिमा की गला दबाकर हत्या कर दी गई।
शव देखने से रोका गया
मृतका के रिश्तेदारों ने बताया कि ससुराल पक्ष ने पहले मौत का कारण गिर जाने से मौत बताया। जब मायके वाले मौके पर पहुंचे तो उन्हें शव देखने से रोका गया। संदेह होने पर जब परिजनों ने जबरन शव देखा तो प्रतिमा के गले पर फंदे जैसे निशान मिले।
शादी वाले घर में पसरा मातम
जिस दिन प्रतिमा की मौत हुई, उसी दिन उसके मायके में एक अन्य शादी समारोह चल रहा था। बेटी की मौत की खबर मिलते ही खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। परिवार के लोग रो-रोकर बेहाल हैं।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही सौरबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सहरसा भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होगा। मामले की गहन जांच जारी है।