मद्यनिषेध विभाग का बड़ा अभियान, शराब व नशीले पदार्थों के साथ 11 गिरफ्तार
मधेपुरा। मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने जिलेभर में शराब और सूखे नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध शराब और कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद किया गया। कुल 11 लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
जानकारी के अनुसार विभागीय टीम ने स्टेडियम के समीप, कॉलेज चौक, सदर अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, बुडको मैदान, यूनिवर्सिटी चौक तथा सदर अस्पताल परिसर समेत विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। इसके अलावा प्रमुख सड़क मार्गों पर वाहनों की जांच और दवा दुकानों में तलाशी अभियान भी चलाया गया।
अभियान के दौरान सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के जजहट सबैला वार्ड संख्या 10 के समीप छापेमारी कर करीब एक लीटर अवैध कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद किया गया। इस मामले में अजय कुमार को गिरफ्तार किया गया।
वहीं घैलाढ़ थाना क्षेत्र के कमलपुर वार्ड संख्या चार में की गयी कार्रवाई के दौरान 2.955 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई, जबकि महावीर मंडल को गिरफ्तार किया गया। इसी थाना क्षेत्र के कमलपुर वार्ड संख्या पांच में छापेमारी कर 42.090 लीटर विदेशी शराब जब्त की गयी और शिवजी मंडल को गिरफ्तार किया गया।
बिहारीगंज थाना क्षेत्र के कोठी टोला त्रिमुहानी के पास छापेमारी कर करीब 20 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गयी। इस मामले में विभूति कुमार यादव और श्यामल मंडल को गिरफ्तार किया गया। वहीं हथीऔंधा रेलवे ढाला के समीप दो लीटर देशी चुलाई शराब बरामद की गयी, जिसके मामले में दिलीप मुखिया, खोखा मुखिया और अखिलेश मुखिया को गिरफ्तार किया गया।
उत्पाद विभाग की टीम ने बताया कि ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच के दौरान शराब सेवन की पुष्टि होने पर तीन अन्य व्यक्तियों को भी गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान कुल 11 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गयी है।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने और नशीले पदार्थों के कारोबार पर रोक लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।