सहरसा में घरेलू विवाद ने लिया खौफनाक रूप: महिला ने पांच बच्चों संग खाया जहर, दो बेटों की हालत नाजुक
बनमा इटहरी, सहरसा से आशीष कुमार की रिपोर्ट: सहरसा जिले के बनमा इटहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर वार्ड संख्या-5 में घरेलू विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। एक महिला ने कथित तौर पर अपने पांच नाबालिग बच्चों के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सभी को गंभीर हालत में इलाज के लिए नारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला की पहचान सोनी देवी, पति रंजन पंडित के रूप में हुई है। परिवार में तीन बेटियां प्रीति कुमारी, रचना कुमारी, सपना कुमारी तथा दो बेटे राम कुमार और लखन कुमार शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि महिला दिन में तेलियाहाट से मूंग स्प्रे में इस्तेमाल होने वाली जहरीली दवा खरीदकर लाई थी। रात में उसने दूध और हॉरलिक्स में दवा मिलाकर खुद भी पी ली और बच्चों को भी पिला दिया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, महिला और उसके ससुर झीगर पंडित के बीच जमीन-जायदाद को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि ससुर द्वारा संपत्ति दूसरे बेटों के नाम करने की बात कहे जाने के बाद महिला ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलते ही बनमा इटहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
थानाध्यक्ष कुंदन कुमार सहनी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की हर एंगल से छानबीन कर रही है।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, दोनों बेटों की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है, जबकि तीनों बच्चियों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।