भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई: मधुबनी में 1.227 किलो ब्राउन शुगर जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
मधुबनी: भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 48वीं वाहिनी, जयनगर और देवधा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। रविवार शाम हुई इस कार्रवाई में 1.227 किलोग्राम ब्राउन शुगर जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 25 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना पर हुई संयुक्त कार्रवाई
सीमा चौकी कमला और देवधा थाना पुलिस की संयुक्त गश्ती टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध वाहन से मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर उश्राही स्थित मिश्रीलाल चौक के पास एक संदिग्ध मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स वाहन को रोका गया।
गुप्त केबिन से मिली ब्राउन शुगर
वाहन की गहन तलाशी के दौरान ग्लोव बॉक्स के निचले हिस्से में बने एक गुप्त केबिन से पारदर्शी प्लास्टिक पैकेटों में रखा मटमैले रंग का संदिग्ध पदार्थ बरामद हुआ। ड्रग डिटेक्शन किट से जांच करने पर इसकी पुष्टि ब्राउन शुगर के रूप में हुई।
मधुबनी के दो लोग गिरफ्तार
इस कार्रवाई में मधुबनी जिले के दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में यह जानकारी सामने आई है कि दोनों आरोपी मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला में कूरियर के रूप में काम कर रहे थे।
वाहन और आरोपी पुलिस को सौंपे गए
बरामद ब्राउन शुगर, जब्त वाहन और गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए देवधा थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।
एसएसबी कमांडेंट ने क्या कहा
एसएसबी कमांडेंट गोविंद सिंह भंडारी ने कहा कि सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी राष्ट्र और समाज दोनों के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने कहा कि स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर ऐसे नेटवर्क के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है।
उन्होंने कहा कि सीमा सुरक्षा के साथ-साथ युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाना भी प्राथमिकता है और आगे भी ऐसे अभियान और प्रभावी तरीके से चलाए जाएंगे।