सहरसा में आपसी विवाद में चली गोली, युवक गंभीर रूप से घायल; निजी अस्पताल में सफल ऑपरेशन
सहरसा। सदर थाना क्षेत्र के सिसई अगवानपुर में आपसी विवाद के दौरान हुई गोलीबारी में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने घायल युवक को गांधी पथ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसका सफल ऑपरेशन किया।
घायल युवक की पहचान अगवानपुर निवासी अशोक यादव के 32 वर्षीय पुत्र विपिन कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि इलाके में दो भाइयों के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट और गोलीबारी तक पहुंच गया। इसी दौरान वहां मौजूद विपिन कुमार को कमर के पास गोली लग गई।
अस्पताल में पुलिस मौजूद। - Dainik Bhaskar
घटनास्थल पर पहुंचे सदर SDPO
गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। सदर एसडीपीओ आलोक कुमार पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया, साक्ष्य जुटाए और स्थानीय लोगों से पूछताछ की।
पुलिस बोली- आपसी रंजिश का मामला
सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दो पक्षों के आपसी विवाद में गोली चलने से एक व्यक्ति घायल हुआ है। प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश और विवाद का प्रतीत हो रहा है। जानकारी मिली है कि दो भाइयों के बीच हुए विवाद में चली गोली वहां मौजूद तीसरे व्यक्ति को लग गई।
बयान के बाद आगे होगी कार्रवाई
अस्पताल सूत्रों के अनुसार घायल विपिन कुमार का ऑपरेशन सफल रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मरीज के पूरी तरह होश में आने के बाद उसका बयान दर्ज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन छानबीन में जुटी हुई है।