Kosi Live-कोशी लाइव पूर्णिया में 30 घंटे के भीतर निगरानी की दूसरी बड़ी कार्रवाई, रेवेन्यू ऑफिसर महिला सहयोगी संग 40 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, April 17, 2026

पूर्णिया में 30 घंटे के भीतर निगरानी की दूसरी बड़ी कार्रवाई, रेवेन्यू ऑफिसर महिला सहयोगी संग 40 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

पूर्णिया में 30 घंटे के भीतर निगरानी की दूसरी बड़ी कार्रवाई, रेवेन्यू ऑफिसर महिला सहयोगी संग 40 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

पूर्णिया। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की लगातार कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में पूर्णिया में महज 30 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए निगरानी टीम ने पूर्णिया पूर्व अंचल के एक रेवेन्यू ऑफिसर को उनकी महिला सहयोगी के साथ 40 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद जिले के सरकारी कर्मियों में हड़कंप मच गया है।

Loading advertisement...

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पूर्णिया पूर्व अंचल के राजस्व कर्मचारी लाल बाबू रजक और उनकी महिला सहयोगी रूबी कुंडी के रूप में हुई है। दोनों को निगरानी विभाग की टीम ने शुक्रवार को जाल बिछाकर गिरफ्तार किया।

स्टे रिपोर्ट जारी करने के बदले मांगी थी घूस

जानकारी के अनुसार, गुलाबबाग वार्ड संख्या-35 निवासी ललिता देवी ने अपनी साढ़े तीन कट्ठा जमीन का स्टे रिपोर्ट जारी करवाने के लिए आवेदन दिया था। आरोप है कि इस काम के बदले रेवेन्यू ऑफिसर लाल बाबू रजक ने 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।

बताया जा रहा है कि खुद को कार्रवाई से बचाने के लिए अधिकारी ने अपनी महिला सहयोगी रूबी कुंडी को रुपये लेने के लिए आगे किया था।

निगरानी टीम ने बिछाया जाल, पहली किस्त लेते दबोचा

पीड़िता महिला की शिकायत पर निगरानी विभाग हरकत में आया। विजिलेंस डीएसपी अमरेंद्र प्रसाद विद्यार्थी के नेतृत्व में टीम ने मौके पर जाल बिछाया। इसके बाद ललिता देवी ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 40 हजार रुपये रूबी कुंडी को दिए।

जैसे ही रुपये लिए गए, निगरानी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई।

50 हजार में हुई थी डील

पूछताछ के दौरान जानकारी मिली कि पूरे काम के लिए 50 हजार रुपये में सौदा तय हुआ था। इसमें 40 हजार रुपये पहली किस्त के रूप में लिए जा रहे थे, जबकि शेष 10 हजार रुपये बाद में देने थे।

पटना ले गई टीम, कोर्ट में होगी पेशी

विजिलेंस डीएसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पूछताछ के बाद उन्हें विशेष निगरानी अदालत में पेश किया जाएगा। फिलहाल निगरानी टीम दोनों को अपने साथ पटना लेकर रवाना हो गई है।