खबर:
सहरसा जिले के नवहट्टा थाना क्षेत्र से एक 13 वर्षिय नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता के बयान पर गांव के ही तीन युवकों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि सोमवार दोपहर करीब 1 बजे लड़की गेहूं का बोझा लेने खेत पर गई थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के तीन युवक उसे जबरन उठाकर पास के मकई के खेत में ले गए।
पीड़िता के अनुसार, गांव के 25 वर्षीय सरवन और 30 वर्षीय धनिक यादव ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि 32 वर्षीय संतोष कुमार ने इस घटना में सहयोग किया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद युवती घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी। परिजनों ने रात करीब 10 से 11 बजे के बीच पुलिस को सूचना दी। मंगलवार को पीड़िता के बयान के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी लगाया गया है। वहीं पीड़िता का सहरसा सदर अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।