मधेपुरा में जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष: सरपंच के छोटे बेटे की इलाज के दौरान मौत, बड़े भाई समेत परिवार पर हत्या का आरोप
10 कट्ठा जमीन को लेकर सगे भाइयों में एक साल से चल रहा था विवाद
मधेपुरा जिले में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां सरपंच के दो बेटों के बीच हुई हिंसक झड़प में गंभीर रूप से घायल छोटे बेटे की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना कुमारखंड प्रखंड के बेलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बिशनपुर कोड़लाही पंचायत के जमुआहा वार्ड संख्या पांच गांव की है। बताया जा रहा है कि करीब 10 कट्ठा जमीन को लेकर दोनों भाइयों के बीच पिछले एक वर्ष से विवाद चल रहा था।
मृतक की पहचान अमरेन्द्र यादव के रूप में हुई
मृतक की पहचान पंचायत के सरपंच विंदेश्वरी यादव के सबसे छोटे बेटे अमरेन्द्र यादव (40) के रूप में की गई है। मृतक की पत्नी रीना देवी ने बताया कि उनके पति का बड़े भाई अंजनी यादव से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
सिर पर दबिया से हमला, हालत गंभीर होने पर पटना रेफर
घटना के दौरान अमरेन्द्र यादव पर लाठी-डंडा और धारदार हथियार दबिया से हमला किया गया। आरोप है कि उनके सिर पर दबिया से वार किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने शुक्रवार को उन्हें जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मधेपुरा में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति देखते हुए पटना रेफर कर दिया। लेकिन देर रात रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
बड़े भाई समेत चार लोगों पर नामजद आरोप
रीना देवी ने पुलिस को दिए बयान में बड़े भाई अंजनी यादव, उनकी पत्नी कंचन देवी, पुत्र अभिषेक कुमार तथा एक पुत्री को मुख्य आरोपी बताया है। सूचना मिलते ही कुमारखंड थाना अध्यक्ष रंजन कुमार, भतनी थाना अध्यक्ष राजीव Kumar और बेलारी थाना अध्यक्ष वरुण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
घटना में प्रयुक्त दबिया बरामद, गिरफ्तारी को छापेमारी जारी
पुलिस ने घटना स्थल से हमले में प्रयुक्त दबिया बरामद कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
मकई का पत्ता तोड़ने से शुरू हुआ था विवाद
बताया जा रहा है कि करीब 12 दिन पहले बहियार में मकई का पत्ता तोड़ने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। इसके बाद घर लौटने पर विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि अंजनी यादव ने रीना देवी के साथ गाली-गलौज की, जिसके बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया।
पीछे छोड़ गए भरा-पूरा परिवार
अमरेन्द्र यादव की शादी वर्ष 2008 में सुपौल जिले के जदिया थाना क्षेत्र के खुंट गांव में हुई थी। उनके परिवार में पत्नी रीना देवी, बेटी ब्यूटी कुमारी (10), बेटा अंकुश कुमार (12) और अंकित कुमार (9) हैं। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।