शराबियों को छोड़ने के लिए पुलिसवालों ने मांगी फिरौती! 2 ASI समेत 4 जवान गिरफ्तार, घर से 1.5 लाख कैश बरामद
जमुई/नवादा: बिहार के जमुई और नवादा जिले से पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। शराबियों को पकड़ने के बाद छोड़ने के नाम पर अवैध वसूली, अपहरण और फिरौती मांगने के आरोप में नवादा में तैनात दो ASI और दो होमगार्ड जवानों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार कर्मियों के घर से 1.5 लाख रुपए नकद भी बरामद किए गए हैं। बताया जा रहा है कि पीड़ित पक्ष से 5 लाख रुपए की मांग की गई थी।
इस सनसनीखेज खुलासे के बाद उत्पाद विभाग और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवादा जिले के कौआकोल उत्पाद चेक पोस्ट प्रभारी ASI सुजीत कुमार, ASI दिलीप कुमार, तथा दो होमगार्ड जवान रविंद्र कुमार और गुलशन कुमार के रूप में हुई है।
कैसे शुरू हुआ पूरा मामला
जानकारी के अनुसार गुरुवार को कौआकोल उत्पाद पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक कार को रोका। कार में सवार तीन युवक शराब के नशे में पाए गए, जिसके बाद उन्हें थाना लाया गया।
यहीं से कथित तौर पर सेटिंग और सौदेबाजी का खेल शुरू हुआ। आरोप है कि शराबियों को छोड़ने और गाड़ी वापस करने के लिए मोटी रकम मांगी गई।
अपहरण की सूचना से मचा हड़कंप
कार में सवार संतोष कुमार ने किसी तरह अपने भाई पिंटू कुमार को फोन कर बताया कि उसका अपहरण कर लिया गया है और छोड़ने के लिए 5 लाख रुपए की मांग की जा रही है।
इसके बाद जमुई जिले के नर्वदा गांव निवासी पिंटू कुमार ने जमुई पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन दिया। आवेदन में बताया गया कि उनके बड़े भाई दोपहर करीब 1 बजे घर से निकले थे, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटे।
रात करीब 7:30 बजे संतोष ने फोन कर बताया कि उसे बंधक बनाया गया है और फिरौती मांगी जा रही है।
2 लाख लेकर पहुंचे परिजन, 1.5 लाख देने का आरोप
पीड़ित परिवार के अनुसार पिंटू कुमार अपने रिश्तेदार राहुल कुमार और चचेरे भाई मनीष के साथ दो लाख रुपए लेकर नवादा पहुंचे। आरोप है कि पकरीबरावां उत्पाद थाना में क्रेटा गाड़ी छोड़ने के लिए 1.5 लाख रुपए रिश्वत के तौर पर दिए गए।
जमुई पुलिस ने की ताबड़तोड़ कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए जमुई पुलिस तत्काल हरकत में आई और नवादा पहुंचकर जांच शुरू की। छापेमारी के दौरान ASI सुजीत कुमार के घर से 1.5 लाख रुपए नकद बरामद किए गए।
इसके बाद पुलिस ने सुजीत कुमार समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी बोले- हमें फंसाया जा रहा है
गिरफ्तार ASI दिलीप कुमार ने कहा कि जिन लोगों ने आरोप लगाया है, उन्हें शराब के नशे में पकड़ा गया था। अपहरण और 5 लाख रुपए फिरौती मांगने का आरोप पूरी तरह गलत है।
वहीं ASI सुजीत कुमार ने भी कहा कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। पैसे लेकर गाड़ी छोड़ने का आरोप बेबुनियाद है।
उत्पाद अधीक्षक ने क्या कहा
नवादा के उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि जिस व्यक्ति के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज हुई है, वह शराब के नशे में पकड़ा गया था। वाहन में तीन लोग थे और तीनों नशे की हालत में पाए गए थे।
उन्होंने कहा कि उनमें से एक संतोष दूसरी बार शराब पीकर पकड़ा गया था।
विभागीय कार्रवाई तय
इस पूरे मामले के सामने आने के बाद संबंधित कर्मियों पर विभागीय कार्रवाई भी तय मानी जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि वसूली और फिरौती के आरोपों में कितनी सच्चाई है और इसमें और कौन-कौन शामिल हैं।