चौसा के गांधी उच्च विद्यालय अरजपुर में धूमधाम से मनाई गई बाबा साहेब की जयंती
चौसा/मधेपुरा: प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत गांधी उच्च विद्यालय अरजपुर में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता प्रधानाध्यापक लालबिहारी यादव ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद उपस्थित शिक्षकों और विद्यार्थियों ने बाबा साहेब के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें याद किया।
इस मौके पर शिक्षक कमलेश कुमार ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने अपना पूरा जीवन सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के प्रसार के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने समाज के कमजोर, वंचित और शोषित वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए निरंतर संघर्ष किया। आज की युवा पीढ़ी को उनके विचारों को समझने और जीवन में उतारने की जरूरत है।
शिक्षक राघव कुमार दास ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर भारतीय संविधान के निर्माता थे। संविधान ने देश के हर नागरिक को समान अधिकार और सम्मान दिया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक सशक्त विचारधारा थे, जिनका जीवन आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है।
कार्यक्रम में शिक्षक नीतीश भारती एवं शिक्षिका रचना कुमारी ने भी बाबा साहेब के जीवन दर्शन और समाज सुधार में उनके योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी भाषण, कविता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से डॉ. अंबेडकर को श्रद्धांजलि दी। विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में विशेष उत्साह का माहौल बना दिया।
मौके पर विद्यालय के शिक्षक विकास यादव, जफर अहमद, प्रदीप कुमार, सुधांशु शेखर, रवि कुमार, परमानंद मंडल, प्रणव कुमार पंकज, राजेंद्र कुमार, संजीव कुमार, देवराम कुमार, लिपिक अबुल कलाम, आईसीटी इंस्ट्रक्टर अनिता कुमारी तथा परिचारी शहनाज खातून समेत कई लोग उपस्थित रहे।