Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:मक्का फसल क्षति पर किसानों को राहत, ऑनलाइन आवेदन से मिलेगा मुआवजा : डीएओ - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, April 13, 2026

MADHEPURA:मक्का फसल क्षति पर किसानों को राहत, ऑनलाइन आवेदन से मिलेगा मुआवजा : डीएओ


कोशी लाइव / पप्पू मेहता की रिपोर्ट

घैलाढ प्रखंड में कृषि विभाग की बैठक, जूट-मक्का बीज वितरण तेज करने का निर्देश

घैलाढ (मधेपुरा) प्रखंड कृषि कार्यालय सभागार में सोमवार को जिला कृषि पदाधिकारी रितेश रंजन की अध्यक्षता में कृषि कर्मियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरकार द्वारा संचालित कृषि योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी तरीके से लागू करने पर विशेष जोर दिया गया।

जिला कृषि पदाधिकारी रितेश रंजन ने कहा कि किसानों को सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए कृषि कर्मियों को गांव-गांव जाकर किसानों से संपर्क स्थापित करना होगा और उन्हें योजनाओं की पूरी जानकारी देनी होगी, ताकि अधिक से अधिक किसान इसका लाभ उठा सकें।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में जूट और मक्का बीज का आवंटन प्राप्त हो चुका है। इसे जल्द से जल्द किसानों के बीच वितरित कर खेती में उपयोग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आने वाले दिनों में मूंग बीज वितरण का भी लक्ष्य तय किया गया है, जिसके लिए अभी से तैयारी करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में फसल क्षति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। डीएओ रितेश रंजन ने कहा कि हाल के दिनों में जिन किसानों की मक्का फसल को नुकसान हुआ है, वे किसान ऑनलाइन आवेदन कर सरकार द्वारा निर्धारित मुआवजा प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कृषि कर्मियों को निर्देश दिया कि प्रभावित किसानों की पहचान कर उन्हें आवेदन प्रक्रिया में हर संभव सहयोग दिया जाए।

इस अवसर पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी पूजा कुमारी, जिला कॉर्डिनेटर सोहन सिंह, कृषि समन्वयक आशीष कुमार, किसान सलाहकार राजेश कुमार पप्पू, बिपिन कुमार, विजय कुमार, सुमन कुमार, चंदन कुमार, नीलानंद कुमार सहित अन्य कृषि कर्मी मौजूद रहे।