4 रुपए के विवाद में सिपाही की दबंगई, पान दुकानदार पर तानी पिस्टल; वीडियो वायरल होते ही निलंबन
मुजफ्फरपुर:
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां हाईवे पेट्रोलिंग में तैनात एक सिपाही ने महज 4 रुपए के विवाद में अपनी दबंगई दिखाते हुए पान दुकानदार पर पिस्टल तान दी। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सिपाही दीपू कुमार पाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उसके खिलाफ सिवाईपट्टी थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना के बाद से आरोपी सिपाही गिरफ्तारी के डर से फरार बताया जा रहा है।
लस्सी पीने के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, दीपू कुमार पाल मोतीपुर इलाके में हाईवे पेट्रोलिंग में तैनात था। ड्यूटी खत्म होने के बाद वह सिविल ड्रेस में अपने एक दोस्त के साथ सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के नेकनाम चौक स्थित एक पान दुकान पर पहुंचा था। यहां दोनों ने लस्सी पी, जिसके बाद 4 रुपए के लेन-देन को लेकर दुकानदार से कहासुनी शुरू हो गई।
पिस्टल तानकर दी धमकी
देखते ही देखते मामूली विवाद बढ़ गया और सिपाही ने आपा खो दिया। उसने अपनी पिस्टल निकालकर दुकानदार पर तान दी और उसे धमकाने लगा। इस दौरान दुकान में मौजूद अन्य लोग भी सहम गए। हालांकि, सिपाही की यह पूरी हरकत वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
वीडियो वायरल, जांच के बाद कार्रवाई
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की जांच कराई गई, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर सिपाही को निलंबित करते हुए उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर पुलिस की कार्यशैली और अनुशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।