Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:एक करोड़ की विदेशी शराब जब्त, ट्रक समेत दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, April 13, 2026

BIHAR:एक करोड़ की विदेशी शराब जब्त, ट्रक समेत दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

बेगूसराय में एक करोड़ की विदेशी शराब जब्त, ट्रक समेत दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में बेगूसराय पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक ट्रक पर लोड करीब एक करोड़ रुपए से अधिक की विदेशी शराब बरामद की है। मौके से राजस्थान के रहने वाले दो अंतरराज्यीय शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

बेगूसराय एसपी मनीष ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अवैध शराब की बड़ी खेप ट्रक के जरिए लाई जा रही है। सूचना मिलते ही लाखो थाना पुलिस को सक्रिय किया गया और टीम ने NH-31 फोरलेन पर बहादुरपुर ढाला के पास स्थित गोविंद पेट्रोल पंप के समीप घेराबंदी कर दी।

ट्रक से 11200 लीटर विदेशी शराब बरामद

घेराबंदी के दौरान जैसे ही संदिग्ध ट्रक वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे रोक लिया। तलाशी लेने पर ट्रक से करीब 11,200 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। शराब की अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है।

राजस्थान के दो तस्कर गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने राजस्थान के बाड़मेर जिले के सेडवा थाना क्षेत्र स्थित रामनगर सिहानिया गांव निवासी मो. इलियास के पुत्र शाहरुख और हरचंद्र राम के पुत्र गोरखा राम को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह बड़ी खेप कहां से लाई जा रही थी और बिहार के किस इलाके में खपाने की योजना थी। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा

एसपी ने कहा कि शराब तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।