Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:मकई के खेत से महिला का शव बरामद, दो दिनों से थी लापता, हत्या की आशंका - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, April 18, 2026

SAHARSA:मकई के खेत से महिला का शव बरामद, दो दिनों से थी लापता, हत्या की आशंका

सहरसा में मकई के खेत से महिला का शव बरामद, दो दिनों से थी लापता, हत्या की आशंका

पस्तपार थाना क्षेत्र की घटना से इलाके में सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

बिहार के सहरसा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पस्तपार थाना क्षेत्र के एक मकई के खेत से शनिवार को 30 वर्षीय महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका पिछले दो दिनों से लापता थी। परिजनों ने हत्या कर शव खेत में फेंके जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान उषा देवी के रूप में हुई

मृतका की पहचान पस्तपार थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 12 निवासी लड्डू कुमार मंडल की पत्नी उषा देवी के रूप में हुई है। बताया गया कि मृतका का पति दिल्ली में मजदूरी करता है और घटना के समय वह घर से बाहर था।

मजदूरों को दुर्गंध आने पर हुआ खुलासा

मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को महिला के घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर एक मकई के खेत में कुछ मजदूर खाद डालने पहुंचे थे। इसी दौरान खेत के अंदर से तेज दुर्गंध आने लगी। जब मजदूर अंदर जाकर देखा तो वहां एक महिला का शव पड़ा हुआ था। शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और भारी भीड़ जमा हो गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी

परिजनों ने बताया कि उषा देवी गुरुवार दोपहर अपने बच्चों से बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी। उसने शाम तक लौटने की बात कही थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंची। इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। शुक्रवार दोपहर परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही सहरसा सदर एसडीपीओ आलोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव पर किसी तेज या धारदार हथियार से हमला किए जाने के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। हालांकि शव करीब दो दिन पुराना होने के कारण काफी फूल चुका है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और महिला के लापता होने से लेकर शव मिलने तक की पूरी कड़ी को खंगाला जा रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।