फर्जी IAS बनकर दंपति ने ठगे 34.74 लाख, पति बना बॉडीगार्ड; VIP गाड़ी से करते थे ठगी, पटना से गिरफ्तार
खबर:
मधेपुरा में फर्जी IAS अधिकारी बनकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस मामले में पति-पत्नी को गिरफ्तार किया गया है, जो खुद को उच्च पदस्थ अधिकारी बताकर लोगों को सरकारी ठेका दिलाने के नाम पर ठगते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सन्नी कुमार राय और उसकी पत्नी श्रद्धांजलि देवी के रूप में हुई है।
शिकायत के बाद बनी विशेष टीम
मामले की शुरुआत 8 फरवरी को हुई, जब मधेपुरा के पश्चिमी बायपास रोड, वार्ड संख्या-9 निवासी नारायण यादव ने सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
सत्संग में हुई पहचान, VIP गाड़ी से रचा खेल
पीड़ित ने बताया कि वर्ष 2025 में सिंहेश्वर में आयोजित एक सत्संग कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात एक VIP वाहन में सवार लोगों से हुई। वाहन पर “बिहार सरकार, प्रधान सचिव सह मिशन निदेशक, सामान्य प्रशासन विभाग” का बोर्ड लगा था, जिससे वे आसानी से लोगों को अपने झांसे में लेते थे।
इसी दौरान सन्नी कुमार राय ने खुद को एक महिला IAS अधिकारी का बॉडीगार्ड बताया, जबकि उसकी पत्नी श्रद्धांजलि देवी को IAS अधिकारी के रूप में पेश किया गया। बातचीत के दौरान जब पीड़ित ने खुद को ठेकेदारी से जुड़ा बताया, तो आरोपियों ने उसे सरकारी विभाग में ठेका दिलाने का लालच दिया।
34.74 लाख की ठगी, विरोध पर मारपीट
झांसे में लेकर आरोपियों ने अलग-अलग माध्यमों से पीड़ित से कुल 34 लाख 74 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। लंबे समय तक ठेका नहीं मिलने पर जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने उसे मधेपुरा बुलाया। यहां पैसे लौटाने के बजाय उसके साथ मारपीट की गई, उसका आईफोन छीन लिया गया और आरोपी फरार हो गया।
जांच में खुलासा—पत्नी बनी फर्जी IAS, पति बॉडीगार्ड
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सन्नी कुमार राय अपनी पत्नी को फर्जी IAS अधिकारी बनाकर खुद उसका बॉडीगार्ड बनता था। दोनों एक चार पहिया वाहन (BR-01HN-4786) पर फर्जी सरकारी बोर्ड लगाकर लोगों को प्रभावित करते और ठगी को अंजाम देते थे।
पहले से दर्ज हैं ठगी के मामले
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि सन्नी कुमार राय के खिलाफ पहले से भी ठगी के कई मामले दर्ज हैं, जिससे उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि की पुष्टि होती है।
पटना से गिरफ्तारी, सामान बरामद
कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को पटना से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान एक चार पहिया वाहन और एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
गिरफ्तार दंपति मूल रूप से भोजपुर जिले के पीरो थाना क्षेत्र के अंगिया गांव के निवासी हैं और वर्तमान में पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में रह रहे थे।
पुलिस का बयान
सदर थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार ने बताया कि पुलिस लंबे समय से आरोपियों की तलाश कर रही थी। सोमवार की रात पटना से उन्हें गिरफ्तार किया गया। फिलहाल दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और आगे की पूछताछ जारी है।
पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आशंका जताई जा रही है कि इस गिरोह ने अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया हो सकता है।