Begusarai (Bihar): बिहार के बेगुसराय जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है जिसे सुनकर आप दंग रह जाएंगे. दरअसल, शराब तस्करों ने विद्या के मंदिर यानी कि एक सरकारी स्कूल तक को नहीं छोड़ा. उन्होंने स्कूल के शौचालय को शराब का गोदाम बना डाला है. और शौचालय में रखे इस शराब को स्कूल बच्चों ने कोलड्रिंक समझकर पी लिया. जिसके बाद वे नशे में धुत हो गए. आपको बता दें, यह पूरा मामला जिले के बछवाड़ा थाना इलाके अंतर्गत बछवाड़ा पंचायत के सिसवा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय का है इधर, इस मामले के इलाके में फैलते ही लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया है.
बताया जा रहा है कि शराब पीकर जब बच्चे अपने-अपने घर पहुंचे तो इसके बाद पीड़ित बच्चों के अभिभावकों ने उन बच्चों के दोस्तों के साथ विद्यालय के प्रधानाध्यापक को पूरे स्थित से अवगत कराया. शिकायत पर जब उस जिस जगह शराब रखा गया था वहां पहुंचे तो सब-के सब सन्न रह गए. उन्होंने देखा कि पुराने जर्जर शौचालय में शराब की पेटियां रखी गई है. इसपर उन्होंने पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी. जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शौचालय से शराब बरामद किया.
नशे में लड़खड़ाते घर पहुंचे छात्र की पहचान सिसवा गांव निवासी मो. शोएब (11 वर्ष), पिता- मो. परवेज आलम के रुप में की गई है. छात्र चौथी कक्षा का स्टूडेंट है. स्थानीय डॉक्टरों द्वारा छाभ का इलाज कराया गया. फिलहाल छात्र की स्थिति स्थिर है. छात्र की मां रिजवाना खातून और चाचा मो, खुर्शीद ने बताया कि शोएब लड़खराते हुए विद्यालय से घर पहुंचा. जिसे देखकर वे चौंक गए. उसके मुंह से शराब की गंध भी आ रही थी. इसपर उन्होंने शोएब के दोस्तों से पूछताछ की. इस दौरान उसके दोस्तों ने बताया कि विद्यालय के पीछे बंद पड़े शौचालय के पास रखे शराब को उठाकर शोएब ने पी लिया है.
इसके बाद उन्होंने विद्यालय पहुंचकर इसकी जानकारी प्रधानाध्यापक को दी और बंद पड़े शौचालय के पास जाकर देखा तो वहां भारी मात्रा में शराब की पेटियां मौजूद हैं. इस संबंध में प्रधानाध्यापक मोहम्मद मुर्शाली ने बताया कि छात्र शोएब के परिजनों द्वारा जानकारी दी गई कि उक्त छात्र शराब के नशे में घर पहुंचा है. इसके बाद विद्यालय के पूर्वी भाग स्थित जर्जर शौचालय में देखा तो कई शराब की पेटियां रखी हुई थी. स्थानीय लोगों के मुताबिक, पुलिस ने करीब 25 पेटियां शराब बरामद की है. इस संबंध में थानाध्यक्ष परेंद्र कुमार ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय सिसवा के जर्जर शौचालय से विदेशी शराब बरामद किया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.