हेडलाइन:
मधेपुरा में युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
खबर:
मधेपुरा। सदर थाना क्षेत्र के भिरखी वार्ड-26 में गुरुवार रात एक युवक की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मनोज यादव के पुत्र निखिल कुमार उर्फ बौआ (32) के रूप में हुई है। उसका शव घर में फंदे से लटका मिला।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। परिजनों ने इस मामले को हत्या बताते हुए मृतक की पत्नी के मायके पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मृतक के छोटे भाई निलेश कुमार ने कहा कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
जानकारी के अनुसार निखिल कुमार बीएड और सीटीईटी पास था। उसकी शादी करीब दो वर्ष पूर्व हुई थी। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पत्नी ने मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए केस भी दर्ज कराया था, हालांकि करीब 25 दिन पहले दोनों पक्षों में समझौता हो गया था।
बताया जाता है कि 31 मार्च को पत्नी के परिजन उसे सिमरी बख्तियारपुर (सलखुआ) स्थित मायके ले गए थे। इसके बाद 2 अप्रैल की रात करीब 10 बजे निखिल की संदिग्ध मौत की खबर सामने आई।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सदर थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार ने बताया कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।