हेडलाइन:
उदाकिशुनगंज में मॉडल स्कूल की तैयारी तेज, डीईओ ने निरीक्षण कर दिए जरूरी निर्देश
खबर:
उदाकिशुनगंज (मधेपुरा)। अनुमंडल मुख्यालय स्थित एसबीजेएस प्लस टू हाईस्कूल का गुरुवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित मॉडल स्कूल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए शिक्षा की गुणवत्ता सुधार को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
डीईओ ने बताया कि जिले में कुल 13 आदर्श (मॉडल) विद्यालय संचालित किए जाएंगे। इन विद्यालयों में कक्षा 9 एवं 10 के छात्र-छात्राओं को आधुनिक सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाएगी। सरकार की योजना के तहत प्रत्येक प्रखंड मुख्यालय में एक मॉडल स्कूल स्थापित किया जाना है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सके।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे विद्यालय
उन्होंने कहा कि मॉडल स्कूलों में प्रयोगशाला, कंप्यूटर कक्ष, संगीत शिक्षा समेत सभी आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही योग्य और प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति कर विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा प्रणाली से जोड़ा जाएगा।
उदाकिशुनगंज के एसबीजेएस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 12 शिक्षकों की तैनाती का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यहां पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के लिए यूनिफॉर्म एवं आई-कार्ड अनिवार्य होगा, जिससे अनुशासन और शैक्षणिक वातावरण मजबूत हो सके।
जल्द शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया
डीईओ ने बताया कि मॉडल स्कूल में जल्द ही नामांकन प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि नए सत्र से पढ़ाई नियमित रूप से संचालित हो सके।
वहीं, कस्तूरबा विद्यालय के संचालक कुमार संजय प्रताप की मांग पर उन्होंने आश्वासन दिया कि अप्रैल माह में ही मॉडल कस्तूरबा विद्यालय का उद्घाटन कर दिया जाएगा, जिससे नए सत्र में वर्ग 9 की छात्राओं का नामांकन सुनिश्चित हो सके।
निरीक्षण के दौरान अपर कार्यक्रम पदाधिकारी सुशील कुमार, प्रधानाध्यापक अभिनंदन कुमार सहित कई शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित थे।