मधेपुरा जिला पुलिस को अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान में रविवार को बड़ी सफलता मिली है। शंकरपुर थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल प्रिंस कुमार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शंकरपुर थाना पुलिस और एसटीएफ ने सिंहेश्वर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर काजरा निवासी प्रिंस कुमार (पिता: प्रमोद यादव) को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार, उसके घर से पूर्व में एक देसी कट्टा, एक .303 बोर की राइफल और करीब एक दर्जन जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे।
प्रिंस कुमार पर हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस से फरार चल रहा था।
शंकरपुर थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि एक अन्य मामले में जिरवा निवासी दिनेश यादव को भी गिरफ्तार किया गया है। उस पर खेत से फसल चोरी का विरोध करने पर ग्रामीण किशोर कुमार के साथ मारपीट, गला दबाने और ₹2000 नकद व मोबाइल लूटने का आरोप है।
इसके अलावा पुलिस ने लंबित मामलों में कार्रवाई करते हुए दो अन्य गैर-जमानती वारंटियों को भी गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।