पूर्णिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: स्कॉर्पियो से 1.224 किलो ब्राउन शुगर-स्मैक बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
पूर्णिया जिले के चकमका ओपी (जानकीनगर थाना क्षेत्र) पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो वाहन से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर और स्मैक बरामद किया है। बताया गया कि 11 अप्रैल 2026 को बंगाल से जानकीनगर होते हुए मधेपुरा ले जाई जा रही नशीली खेप को इटहरी मोड़ के पास वाहन जांच के दौरान पकड़ा गया।
पुलिस अधीक्षक पूर्णिया के निर्देश पर बनमनखी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम ने छापेमारी कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुपौल जिले के छातापुर निवासी निरंजन कुमार यादव उर्फ बंटी और मधेपुरा जिले के कुमारखंड निवासी रंधीर कुमार उर्फ बबलू के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने 1.224 किलोग्राम ब्राउन शुगर/स्मैक, 2 मोबाइल, एक स्कॉर्पियो (BR50W5050), सोने जैसा चेन, दो अंगूठी, बजरंगबली की चकती और 6,880 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने गिरोह के अन्य सदस्यों के नामों का खुलासा किया है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।