बिहार में सम्राट सरकार बनते ही एक्शन मोड: गया, बक्सर, बेतिया, सीतामढ़ी समेत कई जेलों में देर रात छापेमारी
पटना। बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार बनने के बाद प्रशासन एक्शन मोड में नजर आ रहा है। कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और जेलों से संचालित अपराध पर नकेल कसने के उद्देश्य से राज्य के कई जिलों में गुरुवार देर रात से शुक्रवार सुबह तक व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। डीएम, एसपी और वरीय पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में जेल परिसरों की सघन तलाशी ली गई।
राज्य के गया, बक्सर, बेतिया, जमुई, सीतामढ़ी और सीवान समेत कई जिलों की जेलों में प्रशासनिक और पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चलाया। कई जगहों पर घंटों तक जांच चली, जबकि अधिकांश जेलों में कोई आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ। हालांकि सीतामढ़ी जेल से संदिग्ध कागजात मिलने की सूचना है।
गया केंद्रीय कारा और शेरघाटी उपकारा में देर रात छापा
गया के केंद्रीय कारा और शेरघाटी उपकारा में गुरुवार रात करीब 11:55 बजे सिटी एसपी कोटा किरण कुमार के नेतृत्व में छापेमारी की गई। अभियान में SDPO-1, SDPO-2, प्रोबेशनर पुलिस पदाधिकारी समेत आसपास के कई थानों की पुलिस शामिल रही।
पूरी कार्रवाई गोपनीय तरीके से की गई, जिससे जेल परिसर में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने हर वार्ड और बैरक की जांच की। सिटी एसपी ने बताया कि तलाशी के दौरान कोई आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ।
बक्सर सेंट्रल जेल में दो घंटे तक जांच
बक्सर सेंट्रल जेल में डीएम और एसपी के नेतृत्व में अहले सुबह संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया। करीब दो घंटे तक जेल के सभी वार्डों, सेल और बंदियों के सामान की गहन जांच की गई।
प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और जेल प्रशासन को नियमित जांच अभियान चलाने तथा सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए।
बेतिया मंडल कारा में मिलीं कई कमियां
बेतिया में डीएम तरनजोत सिंह और एसपी डॉ. शौर्य सुमन ने मंडल कारा में छापेमारी की। जांच के दौरान हर वार्ड, बैरक और चिकित्सालय का निरीक्षण किया गया।
हालांकि कोई प्रतिबंधित सामग्री नहीं मिली, लेकिन जेल परिसर में कई कमियां सामने आईं। अधिकारियों ने जेल प्रशासन को उन्हें जल्द दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
जमुई जेल में रात 1 बजे तक चला सर्च ऑपरेशन
जमुई मंडल कारा में रात करीब 11 बजे संयुक्त छापेमारी शुरू हुई, जो लगभग 1 बजे तक चली। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल और अधिकारी मौजूद रहे।
एसडीएम सौरभ कुमार ने बताया कि यह नियमित जांच अभियान था और तलाशी में कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला।
सीतामढ़ी जेल से मिला संदिग्ध कागजात
सीतामढ़ी मंडल कारा में डीएम और एसपी के नेतृत्व में तलाशी अभियान चलाया गया। जांच के दौरान एक वार्ड से करीब 8 पन्नों का संदिग्ध कागजात बरामद हुआ, जिसमें कई मोबाइल नंबर और आपत्तिजनक बातें लिखी हुई थीं।
एसपी अमित रंजन ने बताया कि जेल के अंदर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। कुख्यात अपराधियों पर नजर रखी जा रही है और चिन्हित बंदियों को दूसरे जेल में शिफ्ट करने की तैयारी है।
सीवान मंडल कारा में जेल मैन्युअल पालन का निर्देश
सीवान में डीएम विवेक रंजन मैत्रेय और एसपी पूरन कुमार झा के नेतृत्व में छापेमारी की गई। जेल के हर वार्ड और संवेदनशील स्थानों की जांच की गई।
कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिलने के बाद प्रशासन ने जेल प्रबंधन को जेल मैन्युअल का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया।
जेल से अपराध रोकने पर सरकार का फोकस
बिहार में लंबे समय से जेलों से अपराध संचालन, रंगदारी और गैंग गतिविधियों की शिकायतें सामने आती रही हैं। नई सरकार बनने के बाद राज्यभर में एक साथ छापेमारी अभियान चलाकर साफ संकेत दिया गया है कि जेलों के भीतर अपराध तंत्र पर सख्त कार्रवाई होगी।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में अन्य जिलों की जेलों में भी इसी तरह औचक जांच अभियान जारी रहेगा।