RAS स्टेट टॉपर घूस कांड में हुई गिरफ्तार, पहली ही पोस्टिंग में रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ी गई SDM काजल मीणा, मॉक इंटरव्यू में कहा था - 'बदलूंगी लोगों की जिंदगी'
करौली। राजस्थान के करौली जिले के नादौती उपखंड कार्यालय में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने कार्रवाई करते हुए नादौती की SDM काजल मीणा को 60 हजार रुपए की रिश्वत मामले में गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में उनके रीडर दिनेश और UDC प्रवीण को भी रंगे हाथों पकड़ा गया है।
ACB टीम को मौके से रिश्वत की रकम के अलावा 4 लाख रुपए अतिरिक्त नकद भी बरामद हुए हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। बरामद नकदी के स्रोत को लेकर जांच जारी है।
जमीन विवाद के फैसले के बदले मांगी गई थी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, मामला खातेदारी जमीन के बंटवारे (तकासमा) से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि SDM काजल मीणा ने जमीन विवाद में फैसला पक्ष में करवाने के लिए परिवादी से 1 लाख रुपए रिश्वत की मांग की थी। बाद में बातचीत के बाद रकम 60 हजार रुपए पर तय हुई।
शिकायत के बाद ACB ने किया सत्यापन
ACB के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्ञान सिंह ने बताया कि 15 अप्रैल को एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि नादौती SDM कार्यालय में फैसले के बदले पैसे मांगे जा रहे हैं।
शिकायत मिलने के बाद 16 अप्रैल को ACB टीम ने मामले का सत्यापन किया। जांच के दौरान टेलीफोनिक बातचीत से रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। शिकायत सही पाए जाने के बाद ट्रैप की योजना बनाई गई।
शाम 6 बजे बिछाया गया जाल
गुरुवार शाम करीब 6 बजे शिकायतकर्ता तय योजना के अनुसार 60 हजार रुपए लेकर SDM कार्यालय पहुंचा। वहां उसने रीडर दिनेश और UDC प्रवीण को रकम सौंपी।
बताया जा रहा है कि रीडर ने 50 हजार रुपए SDM के लिए और 10 हजार रुपए अपने लिए तय किए थे। जैसे ही रकम ली गई, पहले से तैनात ACB टीम ने दोनों कर्मचारियों को मौके पर ही पकड़ लिया।
SDM भी हिरासत में, कार्यालय से 4 लाख कैश बरामद
रीडर और UDC की गिरफ्तारी के तुरंत बाद ACB टीम ने SDM काजल मीणा को भी हिरासत में ले लिया। इसके बाद कार्यालय की तलाशी ली गई, जहां रिश्वत की रकम के अलावा 4 लाख रुपए अतिरिक्त नकद बरामद हुए।
इन पैसों के स्रोत के बारे में अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है।
पहले से मिल रही थीं भ्रष्टाचार की शिकायतें
ACB अधिकारियों के अनुसार, नादौती SDM कार्यालय के खिलाफ पहले से लगातार भ्रष्टाचार की शिकायतें मिल रही थीं। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
और बड़े खुलासों की संभावना
फिलहाल ACB टीम तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच एजेंसी का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पुराना इंटरव्यू
गिरफ्तारी के बाद काजल मीणा का एक पुराना मॉक इंटरव्यू सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस इंटरव्यू में उनसे पूछा गया था कि वह IIT से इंजीनियरिंग करने के बाद प्रशासनिक सेवा में क्यों आना चाहती हैं. इस पर काजल ने जवाब दिया था कि RAS एक प्रतिष्ठित सेवा है, जहां से वह समाज में बड़ा बदलाव ला सकती हैं और लोगों की जिंदगी बेहतर बना सकती हैं. अब उनका यह बयान वायरल होने के बाद लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.