पूर्णिया में छात्रा को भगाने के आरोप पर बवाल: भीड़ ने युवक को पीटा, पुलिस ने बचाकर लिया हिरासत में
पूर्णिया। जिले के मधुबनी थाना क्षेत्र स्थित जलसा भवन के पास दसवीं की एक छात्रा को भगाने के आरोप में जमकर हंगामा हुआ। गुस्साई भीड़ ने एक युवक को पकड़कर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक कटिहार का रहने वाला है और पूर्णिया में रहकर पढ़ाई करता है। लड़की की मां के अनुसार, उनकी बेटी रोज की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन रास्ते में कुछ लड़के उसे जबरन अपने साथ ले गए। सहेली से मिली जानकारी के बाद परिजन तलाश में जुटे और एक कमरे तक पहुंचे, जहां दरवाजा अंदर से बंद था। इसी दौरान लड़की को पीछे के रास्ते से भगा दिया गया।
लड़की के भाई ने आरोप लगाया कि एक महीने पहले भी युवक ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। वहीं, पकड़े गए युवक का कहना है कि वह और लड़की एक-दूसरे को पसंद करते हैं और पिछले कई महीनों से दोनों के बीच बातचीत हो रही है। उसने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया है।
घटना की सूचना पर पहुंची मधुबनी थाना पुलिस ने लड़की को भी सुरक्षित बरामद कर लिया है। थानाध्यक्ष सूरज प्रसाद ने बताया कि परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।