Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:बाइक चोर गैंग का पर्दाफाश, मास्टरमाइंड समेत 10 गिरफ्तार, 9 चोरी की बाइक बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, April 13, 2026

BIHAR:बाइक चोर गैंग का पर्दाफाश, मास्टरमाइंड समेत 10 गिरफ्तार, 9 चोरी की बाइक बरामद

मोतिहारी में बाइक चोर गैंग का पर्दाफाश, मास्टरमाइंड समेत 10 गिरफ्तार, 9 चोरी की बाइक बरामद

मोतिहारी में पूर्वी चंपारण पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए जिले में सक्रिय संगठित बाइक चोर गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में गिरोह के मास्टरमाइंड समेत कुल 10 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 9 चोरी की बाइक और 9 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई के बाद इलाके में पुलिस की सक्रियता की सराहना हो रही है।

CCTV फुटेज से मिला सुराग, 24 घंटे में केस सुलझा

मामला सुगौली थाना क्षेत्र का है, जहां 10 अप्रैल को पंजाब नेशनल बैंक (PNB) परिसर से एक आर्मी जवान की बाइक चोरी हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने तुरंत बैंक परिसर और आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच शुरू की। फुटेज में संदिग्ध गतिविधियां सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी।

पिपरा कोठी थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह को सूचना मिली कि चोरी की गई बाइक ढेकहा इलाके में छिपाई गई है। इसकी जानकारी तुरंत एसपी स्वर्ण प्रभात को दी गई, जिसके बाद विशेष टीम का गठन किया गया।

छापेमारी में पहला आरोपी गिरफ्तार

सदर DSP-2 जितेश पांडे के नेतृत्व में गठित टीम ने ढेकहा इलाके में छापेमारी की। यहां से शिवकुमार बनर्जी को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से चोरी की बाइक भी बरामद कर ली गई। पूछताछ में उसने पूरे गिरोह का खुलासा कर दिया।

मास्टरमाइंड समेत 10 अपराधी गिरफ्तार

शिवकुमार की निशानदेही पर पुलिस ने लगातार छापेमारी करते हुए गिरोह के अन्य सदस्यों को भी दबोच लिया। गिरफ्तार अपराधियों में गिरोह का मास्टरमाइंड रामा माझी भी शामिल है। पुलिस ने कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

रेकी से लेकर बिक्री तक बंटी थी जिम्मेदारी

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह पूरी तरह संगठित तरीके से काम करता था। एक सदस्य बाइक की रेकी करता था, दूसरा चोरी करता था, तीसरा बाइक को ठिकाने लगाता था, जबकि कुछ सदस्य चोरी की बाइक खरीदकर बेचते थे। जो बाइक नहीं बिकती थी, उसे काटकर उसके पार्ट्स गैराज में बेच दिए जाते थे।

5 हजार से 15 हजार रुपए में बेचते थे बाइक

गिरोह चोरी की बाइकों को बेहद कम कीमत पर बेच देता था। नई हीरो बाइक करीब 15 हजार रुपए, TVS अपाचे 7 से 8 हजार रुपए और स्प्लेंडर 2 से 4 हजार रुपए में बेची जाती थी।

छह महीने से सक्रिय था गिरोह

पुलिस के अनुसार, मास्टरमाइंड रामा माझी पिछले छह महीनों से इस गिरोह को चला रहा था। पहले वह अकेले बाइक चोरी करता था, लेकिन बाद में उसने अन्य लोगों को जोड़कर गैंग तैयार कर लिया। इसके बाद जिले में लगातार बाइक चोरी की घटनाएं बढ़ने लगी थीं।

आर्मी जवान ने जताया आभार

PNB बैंक परिसर से चोरी हुई बाइक महज 24 घंटे के भीतर बरामद होने पर आर्मी जवान धनंजय कुमार ने मोतिहारी पुलिस का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस इसी तरह सक्रिय रहे तो अपराध पर लगाम लग सकती है।

दो महीने में 100 से ज्यादा बाइक बरामद

एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पिछले दो महीनों में 100 से अधिक बाइक बरामद की गई हैं और 50 से ज्यादा बाइक चोरों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि आगे भी अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।