फेसबुक पर हुई दोस्ती बनी मुसीबत: बेगूसराय में शादीशुदा महिला से अपहरण, लूट और मारपीट का आरोप
सोशल मीडिया पर शुरू हुआ रिश्ता खौफनाक मोड़ पर पहुंचा, पीड़िता न्याय की गुहार लगा रही
बिहार के बेगूसराय जिले में सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती ने सनसनीखेज मोड़ ले लिया। एक शादीशुदा महिला ने अपने कथित प्रेमी पर अपहरण, लूटपाट, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता अब न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।
फेसबुक पर हुई दोस्ती, फिर प्यार में बदला रिश्ता
पूरा मामला बेगूसराय जिले के सिंघौल थाना क्षेत्र अंतर्गत कमरुद्दीनपुर गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, अमित कुमार अपनी पत्नी खुशबू कुमारी के साथ रहता था। परिवार चलाने के लिए अमित बाहर काम करने चला गया और पत्नी को संपर्क में रहने के लिए एक महंगा मोबाइल फोन दिया।
इसी दौरान खुशबू सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर सक्रिय हो गई। फेसबुक पर उसकी दोस्ती एक युवक से हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ साल तक बातचीत के बाद दोनों ने साथ रहने का फैसला किया और महिला युवक के साथ ससुराल से चली गई।
पटना ले जाकर नगद-जेवर छीनने का आरोप
पीड़िता के अनुसार, दोनों कुछ दिनों तक पटना में रहे। लेकिन जिस युवक के लिए उसने घर छोड़ा, वही उसके लिए मुसीबत बन गया। आरोप है कि युवक ने महिला से नगद रुपये और जेवरात छीन लिए तथा उसके साथ मारपीट की।
महिला ने आरोप लगाया कि उसे चार दिनों तक एक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया। बाद में किसी तरह उसे छोड़ा गया। जब वह वापस बेगूसराय पहुंची, तो कथित रूप से दोबारा उसका अपहरण कर लिया गया।
जान बचाकर पहुंची ससुराल, मिल रही धमकी
पीड़िता का कहना है कि किसी तरह जान बचाकर वह अपने ससुराल पहुंची और पूरी घटना की जानकारी परिजनों को दी। अब आरोपी युवक द्वारा लगातार जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया जा रहा है।
हालांकि दूसरी ओर यह भी आरोप है कि महिला खुद ही नगद और जेवर लेकर युवक के साथ गई थी। लेकिन महिला और उसके पति का कहना है कि उसका अपहरण किया गया था।
पुलिस कार्रवाई का इंतजार
मामला दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से परिवार में भय का माहौल है। पीड़िता पुलिस से न्याय की गुहार लगा रही है। अब सबकी नजर पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी है।