सहरसा में बड़ी कार्रवाई: डुमरा गांव से कट्टा के साथ युवक गिरफ्तार
सोनवर्षाराज थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर की छापेमारी, हथियार बरामद
सहरसा जिले के सोनवर्षाराज थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि लगमा पंचायत के डुमरा गांव में एक युवक अवैध हथियार छिपाकर रखा हुआ है। सूचना के बाद थानाध्यक्ष संजय कुमार सत्यार्थी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी की।
घर से बरामद हुआ कट्टा
छापेमारी के दौरान डुमरा गांव निवासी श्याम ठाकुर के पुत्र अखिलेश ठाकुर की निशानदेही पर उसके घर से एक देशी कट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद हथियार को जब्त कर लिया और आरोपी युवक को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
थानाध्यक्ष संजय कुमार सत्यार्थी ने बताया कि गिरफ्तार युवक के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की गई है। बाद में उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अवैध हथियार रखने वालों पर सख्त नजर
पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे तत्वों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।