हेडलाइन:
फारबिसगंज में शिक्षिकाओं से चेन स्नेचिंग का खुलासा, अंतरराज्यीय ‘कोढ़ा गैंग’ का अपराधी गिरफ्तार
खबर:
अररिया/फारबिसगंज. शहर में अलग-अलग दिनों में दो शिक्षिकाओं से सोने की चेन छीनने की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय व अंतरराज्यीय ‘कोढ़ा गैंग’ के एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से 9 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
मंगलवार को आदर्श थाना परिसर में एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि गिरफ्तार अपराधी की पहचान 44 वर्षीय गणेश यादव (पिता- स्व. कन्हैया लाल यादव), निवासी नया टोला रौतारा, थाना रौतारा, जिला कटिहार के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि 19 मार्च की शाम दीनदयाल चौक के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने पैदल जा रही एक शिक्षिका के गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया था। इस मामले में कांड संख्या 168/26 दर्ज किया गया था। इसके बाद 22 मार्च को पुरानी बस स्टैंड रोड पर इंडियन ऑयल के सामने खड़ी एक अन्य शिक्षिका के गले से चेन छीन ली गई थी, जिसमें प्राथमिकी संख्या 174/26 दर्ज की गई।
लगातार हो रही चेन स्नेचिंग की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थलों और शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर अपराधियों की पहचान की और तकनीकी साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी गणेश यादव को कटिहार के रौतारा से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि छीनी गई चेन को 50 हजार रुपये में बेचा गया था, जिसमें उसे 25 हजार रुपये हिस्सा मिला था। खर्च के बाद उसके पास 9 हजार रुपये ही बचे थे, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी अंतरराज्यीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर का शातिर अपराधी है, जो देश के कई राज्यों के साथ-साथ पड़ोसी देश नेपाल में भी जेल जा चुका है। मामले में शामिल दूसरा आरोपी सुरेंद्र यादव उर्फ सुरेन यादव अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष राघवेंद्र कुमार सिंह, पुअनि अमित राज, प्रभा कुमारी, प्रशिक्षु पुअनि शिवम कुमार, मनीषा कुमारी समेत पुलिस बल की अहम भूमिका रही।