Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR NEWS:डीएम कौशल कुमार का बड़ा एक्शन: 128 राजस्व कर्मचारी निलंबित, बर्खास्तगी की भी तैयारी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, April 18, 2026

BIHAR NEWS:डीएम कौशल कुमार का बड़ा एक्शन: 128 राजस्व कर्मचारी निलंबित, बर्खास्तगी की भी तैयारी

दरभंगा में डीएम कौशल कुमार का बड़ा एक्शन: 128 राजस्व कर्मचारी निलंबित, बर्खास्तगी की भी तैयारी

हड़ताल और सामूहिक छुट्टी पर प्रशासन की सख्ती

दरभंगा जिलाधिकारी कौशल कुमार ने हड़ताल और सामूहिक छुट्टी पर रहकर सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में जिले के 128 राजस्व कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। सभी कर्मियों के खिलाफ आरोप पत्र (प्रपत्र-क) गठित कर विभागीय कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया गया है।

11 फरवरी से हड़ताल पर थे कर्मचारी

जिलाधिकारी के अनुसार, विभिन्न कर्मचारी संगठनों के आह्वान पर ये सभी कर्मचारी 11 फरवरी से हड़ताल पर थे। इससे कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्य प्रभावित हो रहे थे, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाया।

इन अंचलों के कर्मचारियों पर गिरी गाज

जारी आदेश के अनुसार सदर, बहादुरपुर, बहेड़ी, हायाघाट, हनुमाननगर, सिंहवाड़ा, केवटी, जाले, मनीगाछी, तारडीह, बेनीपुर, अलीनगर, बिरौल, गौड़ाबौराम, किरतपुर, घनश्यामपुर, कुशेश्वरस्थान और कुशेश्वरस्थान पूर्वी अंचल कार्यालयों में कार्यरत कुल 128 राजस्व कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है।

कर्मचारियों पर लगे गंभीर आरोप

निलंबित कर्मचारियों पर मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा में बाधा उत्पन्न करने, उपमुख्यमंत्री सह विभागीय मंत्री के कार्यक्रम में अवरोध डालने, मार्च माह के राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति प्रभावित करने, राजस्व महाअभियान के आवेदनों के निष्पादन में देरी करने तथा जनगणना 2027 जैसे राष्ट्रीय कार्य को प्रभावित करने का प्रयास करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

इसके अलावा अंचल स्तर की साप्ताहिक बैठकों में असहयोग का भी आरोप है।

नियमावली के तहत हुई कार्रवाई

डीएम ने बताया कि यह कार्रवाई बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली, 1976 के नियम-3(1) के उल्लंघन तथा बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण और अपील) नियमावली, 2005 के तहत की गई है।

बर्खास्तगी की प्रक्रिया भी होगी शुरू

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी निलंबित कर्मियों के विरुद्ध जल्द से जल्द विभागीय जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपी जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि त्वरित कार्रवाई करते हुए इन कर्मचारियों की सेवा समाप्ति (बर्खास्तगी) की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी।