मुंगेर में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई: पत्थर लदे 6 ट्रक जब्त, 53.1 लाख जुर्माना
मुंगेर: खनन विभाग ने अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार रात श्रीकृष्ण सेतु स्थित पुलिस चेकनाका के समीप छह ट्रकों को जब्त किया। सभी ट्रकों पर अवैध रूप से पत्थर लदा हुआ था। विभाग ने छहों वाहनों पर कुल 53.1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। जब्त ट्रकों को आगे की कार्रवाई के लिए मुफस्सिल थाना पुलिस को सौंप दिया गया।
रात में चला विशेष जांच अभियान
मिली जानकारी के अनुसार, खान निरीक्षक अभिमन्यु कुमार और मो. अरमान के नेतृत्व में शुक्रवार रात श्रीकृष्ण सेतु पर अवैध बालू, मिट्टी और गिट्टी ढुलाई रोकने के लिए विशेष सर्च अभियान चलाया गया। इसी दौरान छह संदिग्ध ट्रकों को रोककर जांच की गई।
ओवरलोड गिट्टी लदे मिले ट्रक
जांच के दौरान पकड़े गए सभी ट्रक 14 और 16 चक्का वाहन थे। इनमें निर्धारित क्षमता से अधिक 700 से 800 सीएफटी गिट्टी लदी हुई थी। जब चालकों से वैध चालान की मांग की गई तो वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद सभी वाहनों को जब्त कर लिया गया।
दो चालक फरार, चार गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान दो ट्रक चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, जबकि चार चालकों को टीम ने पकड़ लिया। सभी ट्रकों और गिरफ्तार चालकों को मुफस्सिल थाना को सौंप दिया गया।
MMDR एक्ट के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी
खनन अधिकारियों ने बताया कि उनके आवेदन पर एमएमडीआर एक्ट के तहत मुफस्सिल थाना में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। विभाग ने प्रति ट्रक 8.85 लाख रुपये का जुर्माना निर्धारित किया है। इस तरह छह ट्रकों पर कुल 53.1 लाख रुपये का दंड लगाया गया।
झारखंड के पाकुड़ से लाई जा रही थी गिट्टी
पकड़े गए चालकों में झारखंड के कोडरमा जिला निवासी सूरज कुमार, सुबोध कुमार, सोनू कुमार तथा बिहार के वैशाली जिला निवासी रामप्रवेश राय शामिल हैं। पूछताछ में चालकों ने बताया कि वे झारखंड के पाकुड़ से गिट्टी लोड कर गंगा पार के शहरों में ले जा रहे थे।
अवैध खनन पर जारी रहेगा अभियान
खनन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। विभाग की इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।