किशनगंज पुलिस का बड़ा खुलासा: ₹1 करोड़ की हेरोइन के साथ अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह का पर्दाफाश
515.670 ग्राम हेरोइन बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार, दो फरार
किशनगंज पुलिस ने पोठिया थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय हेरोइन तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब ₹1 करोड़ मूल्य की 515.670 ग्राम हेरोइन बरामद की है। मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
गुप्त सूचना पर बनी विशेष टीम
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को 25 अप्रैल की रात गुप्त सूचना मिली थी कि पोठिया थाना क्षेत्र के फुलवाड़ी तैयबपुर स्थित मोहम्मद वाहिद के घर पर अंतरराज्यीय तस्कर हेरोइन की बड़ी खेप की खरीद-बिक्री के लिए जुटने वाले हैं।
सूचना मिलते ही जिला आसूचना इकाई के प्रभारी मो. मुश्ताक के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
बड़ापोखर के पास घर पर छापा
रात 10:05 बजे कार्यपालक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में बड़ापोखर के पास वाहिद के घर पर छापेमारी की गई। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद पांच लोग भागने लगे।
इस दौरान रहवर आलम (पानबाड़ा), रफीक अंसारी (पानबाड़ा) और मो. सद्दाम (छतरगाछ) को मौके पर ही पकड़ लिया गया। जबकि मोहम्मद वाहिद और हमिदुल फरार होने में सफल रहे।
तलाशी के दौरान घर से 515.670 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
नेपाल से आंध्र प्रदेश तक फैला नेटवर्क
एसपी संतोष कुमार ने बताया कि इस गिरोह का नेटवर्क नेपाल से किशनगंज होते हुए आंध्र प्रदेश तक फैला हुआ है। फरार आरोपी वाहिद नेपाल से आकर नए घर में ड्रग्स कारोबार संचालित कर रहा था।
वहीं हैदराबाद (आंध्र प्रदेश) से राजा आलम नामक व्यक्ति तकनीकी माध्यम से इस पूरे सौदे को संचालित कर रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए आंध्र प्रदेश पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर छापेमारी की जा रही है।
कई सामान भी बरामद
पुलिस ने हेरोइन के अलावा छापेमारी के दौरान एक चार पहिया वाहन, दो मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन, एक नाप-तौल मशीन, बैंक दस्तावेज, अंतरराष्ट्रीय डेबिट कार्ड और 455 रुपये नेपाली करेंसी भी बरामद की है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज
इस मामले में पोठिया थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत कांड संख्या 173/28 दर्ज किया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और उनकी अवैध संपत्तियों की जांच में जुटी है।
संपत्ति जब्ती की भी तैयारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरोह से जुड़े लोगों की संपत्तियों का भी पता लगाया जा रहा है। अवैध रूप से अर्जित संपत्ति मिलने पर जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।