मधेपुरा में 38 लीटर अवैध देसी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक जब्त
मधेपुरा। थाना क्षेत्र अंतर्गत चंपानगर गिद्दा चौक के पास पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 38 लीटर अवैध देसी चुलाई शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। मौके से शराब तस्करी में प्रयुक्त एक बाइक भी जब्त की गई है।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि लाल-काला रंग की हीरो पैशन प्रो बाइक पर सवार एक युवक जूट के बोरे में देसी शराब लेकर गिद्दा की ओर से सिंहेश्वर बाजार की तरफ बिक्री के लिए जा रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम चंपानगर गिद्दा चौक से आगे तीनमुंही रोड के पास पहुंची।
इसी दौरान सामने से एक संदिग्ध युवक बाइक पर आता दिखा। पुलिस वाहन को देखते ही वह घबरा गया और बाइक घुमाकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस बल की तत्परता से उसे पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार युवक ने अपना नाम शोभा यादव बताया है, जो सहरसा जिले के बिहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मोकना वार्ड संख्या 11 का निवासी है। तलाशी के दौरान बाइक की सीट पर रखे जूट के बोरे से छोटे-छोटे सफेद पॉलीथीन में बंधा 19 पैकेट शराब बरामद किया गया। प्रत्येक पैकेट में 2 लीटर शराब थी, जिसकी कुल मात्रा 38 लीटर देशी चुलाई महुआ शराब पाई गई।
पुलिस ने बाइक संख्या HP 66 2245 को जब्त कर लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में न्यायालय भेज दिया गया है।