हेडलाइन:
जोगबनी में नशीली दवाओं का बड़ा भंडाफोड़, 1864 टैबलेट व 27 बोतल कफ सिरप जब्त; मुख्य आरोपी फरार
खबर:
अररिया/जोगबनी. जोगबनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नशीली दवाओं के अवैध कारोबार का खुलासा किया है. छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं बरामद की गयीं, हालांकि मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, टिकुलिया बस्ती वार्ड संख्या तीन निवासी संजीत यादव द्वारा अपने घर से प्रतिबंधित कफ सिरप व अन्य नशीली दवाओं की बिक्री की सूचना मिली थी। इसके बाद फारबिसगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर टीम गठित कर छापेमारी की गयी।
जैसे ही पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची, वह पुलिस को देखते ही भाग निकला। काफी प्रयास के बावजूद उसे पकड़ा नहीं जा सका। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में घर की तलाशी लेने पर 1864 नशीली टैबलेट और 27 बोतल कफ सिरप बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार आजाद ने बताया कि आरोपी पहले से भी एक मामले में वांछित है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।