नालंदा में बड़ी कार्रवाई: 90 हजार घूस लेते SI देवकांत कुमार रंगे हाथ गिरफ्तार
नालंदा: निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नालंदा के राजगीर थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक (SI) देवकांत कुमार को 90 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
सत्यापन में सही पाई गई शिकायत
मिली जानकारी के अनुसार, एक केस में मदद करने के नाम पर दरोगा देवकांत कुमार ने पीड़ित से मोटी रकम की मांग की थी। परेशान होकर पीड़ित ने पटना स्थित निगरानी ब्यूरो से इसकी शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो अधिकारियों ने गुप्त रूप से मामले की जांच कराई।
जांच के दौरान यह स्पष्ट हो गया कि दरोगा द्वारा रिश्वत मांगी जा रही थी और शिकायत सही पाई गई।
निगरानी टीम ने बिछाया जाल
सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर निगरानी विभाग ने विशेष धावा दल का गठन किया। तय योजना के अनुसार, जैसे ही पीड़ित 90 हजार रुपये लेकर दरोगा के पास पहुंचा और रकम सौंपी, पहले से सादे लिबास में मौजूद निगरानी टीम ने तुरंत उन्हें दबोच लिया।
बताया गया कि हाथ धुलवाने पर देवकांत कुमार के हाथ गुलाबी हो गए, जो रिश्वत लेने का पुख्ता सबूत माना जाता है।
पटना ले गई टीम
गिरफ्तारी के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम आरोपी SI को अपने साथ पटना ले गई, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
विभाग में मचा हड़कंप
राजगीर थाना में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले को लेकर इलाके में भी चर्चा तेज है।