मधेपुरा में मद्यनिषेध विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब बरामद, 7 अभियुक्त गिरफ्तार
मधेपुरा, 25 अप्रैल 2026: जिला प्रशासन के निर्देश पर मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग ने जिलेभर में शराब और सूखा नशा के खिलाफ व्यापक एवं सघन अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर छापेमारी, वाहन जांच, दवा दुकानों की तलाशी तथा ब्रेथ एनालाइजर जांच की गई, जिसमें कुल 7 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
कॉलेज चौक, बस स्टैंड समेत कई जगहों पर जांच अभियान
प्रशासन द्वारा कॉलेज चौक, बस स्टैंड तथा विभिन्न प्रमुख सड़क मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की गई। साथ ही दवा दुकानों में भी विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया, ताकि नशे से जुड़े अवैध कारोबार पर रोक लगाई जा सके।
मुरलीगंज में अवैध बियर बरामद
अभियान के दौरान मुरलीगंज थाना क्षेत्र के दुर्गा चौक, वार्ड संख्या-07 में छापेमारी कर करीब 0.500 लीटर अवैध बियर बरामद की गई। इस मामले में शंभू कुमार को गिरफ्तार किया गया, जबकि बिट्टू कुमार फरार बताया गया है। दोनों के विरुद्ध विधिसम्मत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शराब पीने के आरोप में 6 गिरफ्तार
ब्रेथ एनालाइजर मशीन से श्वास परीक्षण के दौरान शराब सेवन करने के आरोप में 6 अन्य व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। इस प्रकार कुल 7 लोगों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई।
नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मधेपुरा में शराब एवं नशे के विरुद्ध शून्य सहिष्णुता नीति के तहत लगातार अभियान जारी रहेगा। आम लोगों से अपील की गई है कि वे अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।
नशामुक्त समाज के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध
मधेपुरा जिला प्रशासन ने कहा है कि जिले में नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।