हेडलाइन:
खगड़िया में 5 साल के प्रेम को मिला मुकाम, परिवार की सहमति और पुलिस की मौजूदगी में शिव मंदिर में रचाई शादी
खबर:
खगड़िया जिले के परबत्ता प्रखंड मुख्यालय स्थित शिव मंदिर में बुधवार को एक प्रेमी युगल ने सामाजिक स्वीकृति के साथ विवाह कर लिया। करीब पांच वर्षों से चल रहे प्रेम संबंध को परिजनों की सहमति और पुलिस की मौजूदगी में अंजाम दिया गया, जिससे यह शादी इलाके में चर्चा का विषय बन गई।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत परबत्ता के मोजाहिदपुर निवासी रितेश कुमार और लक्ष्मी कुमारी एक-दूसरे से लंबे समय से प्रेम करते थे। समय के साथ उनका रिश्ता इतना गहरा हो गया कि दोनों ने साथ जीवन बिताने का निर्णय लिया।
बुधवार को दोनों प्रखंड मुख्यालय पहुंचे और स्थानीय थाने में विवाह की इच्छा जताते हुए आवेदन दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों के परिजनों को थाने बुलाया। काफी देर तक चली बातचीत और समझाइश के बाद दोनों परिवार इस रिश्ते को स्वीकार करने पर राजी हो गए।
इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में शिव मंदिर में विवाह की रस्में पूरी की गईं। रितेश कुमार ने लक्ष्मी कुमारी की मांग में सिंदूर भरकर उन्हें अपनी जीवनसंगिनी बना लिया।
मौके पर मौजूद लोगों ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया। वहीं, दोनों परिवारों ने भी खुशी जताते हुए कहा कि जब दोनों बालिग हैं और अपनी मर्जी से साथ रहना चाहते हैं, तो उन्हें इस रिश्ते से कोई आपत्ति नहीं है।