हेडलाइन:
मधेपुरा नगर परिषद में घमासान: 22 पार्षदों ने बोर्ड बैठक का किया बहिष्कार, विनीता भारती ने लगाए घोटालों के आरोप
खबर:पप्पू मेहता की रिपोर्ट
मधेपुरा नगर परिषद में वर्षों बाद आयोजित बोर्ड बैठक को लेकर सियासत गरमा गई है। पूर्व पार्षद व पूर्व मुख्य पार्षद प्रत्याशी कुमारी विनीता भारती ने प्रेस वार्ता कर बैठक के बहिष्कार और नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि अगस्त 2025 के बाद आयोजित इस बोर्ड बैठक का सशक्त समिति के सदस्यों और 22 पार्षदों द्वारा बहिष्कार किया जाना इस बात का संकेत है कि नगर परिषद में तानाशाही रवैया हावी है। उनका आरोप है कि मुख्य पार्षद और कार्यपालक पदाधिकारी की मनमानी से न सिर्फ जनता, बल्कि अब पार्षद भी परेशान हो चुके हैं।
विनीता भारती ने नगर परिषद में कई योजनाओं में घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि पियाऊ, डस्टबिन, लाइट, सीसीटीवी, यात्री शेड और कैमरा जैसी योजनाओं में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई है। उन्होंने दावा किया कि कई योजनाओं का भुगतान बिना बोर्ड की स्वीकृति के ही कर दिया गया, जिससे भ्रष्टाचार की आशंका और गहरी हो जाती है।
उन्होंने मांग की कि इन सभी योजनाओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों पर कार्रवाई हो। साथ ही उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि भ्रष्टाचार के खिलाफ शुरू होने वाली इस लड़ाई में उनका साथ दें।
इस पूरे मामले को लेकर नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक सरगर्मी और बढ़ने की संभावना है।