पुरैनी में जाली नोट के साथ दो युवक धराए, ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
पुरैनी: प्रखंड क्षेत्र के वंशगोपाल पंचायत अंतर्गत भटौनी गांव में मंगलवार को ग्रामीणों ने जाली नोट के साथ दो युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से 200 रुपये के 23 जाली नोट बरामद किए गए।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के एक दुकानदार दिनेश मंडल की दुकान पर बाइक सवार दो युवक पहुंचे और 200 रुपये का नोट देकर सामान मांगा। दुकानदार को नोट पर संदेह हुआ तो उसने आपत्ति जताई। इस पर दोनों युवकों ने दावा किया कि पेट्रोल पंप पर भी यह नोट चल चुका है और जाली नहीं है। दुकानदार ने 20 रुपये काटकर 180 रुपये दोनों युवकों को लौटा दिया।
इसी दौरान दुकानदार ने अपने पुत्र रवि कुमार को बुलाकर नोट दिखाया। जांच करने पर नोट जाली निकला। इसके बाद आसपास के लोगों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और डायल 112 पुलिस को सूचना दी।
तलाशी लेने पर दोनों के पास से 200 रुपये के 23 जाली नोट मिले। पकड़े गए युवकों की पहचान मुरलीगंज थाना क्षेत्र के रजनी, प्रसादी चौक वार्ड 16 निवासी शशीधर दास के पुत्र रमेश कुमार (25) तथा वार्ड 17 निवासी लिखन दास के पुत्र नीतीश कुमार (28) के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष चंद्रजीत प्रभाकर ने बताया कि जाली नोट मामले में दोनों युवकों को थाना लाया गया है। मामले की जांच की जा रही है।