Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल में भीषण सड़क हादसा: बस-ट्रक की टक्कर के बाद पलटी बस, 24 से अधिक घायल, 8 की हालत गंभीर,उदाकिशुनगंज जा रही थी बस - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, April 16, 2026

सुपौल में भीषण सड़क हादसा: बस-ट्रक की टक्कर के बाद पलटी बस, 24 से अधिक घायल, 8 की हालत गंभीर,उदाकिशुनगंज जा रही थी बस

सुपौल में भीषण सड़क हादसा: बस-ट्रक की टक्कर के बाद पलटी बस, 24 से अधिक घायल, 8 की हालत गंभीर




सुपौल: जिले में गुरुवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां यात्रियों से भरी बस और तेज रफ्तार ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर एनएच-27 किनारे पलट गई। हादसे में 24 से अधिक यात्री घायल हो गए, जबकि 8 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बस पटना से उदाकिशुनगंज जा रही थी।
हरियाही स्थित पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा


यह दुर्घटना निर्मली थाना क्षेत्र के हरियाही स्थित हर्ष पेट्रोल पंप के पास सुबह करीब 4 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों के अनुसार, बस में करीब 40 यात्री सवार थे। हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को बस से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
8 घायलों को हायर सेंटर रेफर


सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल निर्मली (एसडीएच निर्मली) में भर्ती कराया गया, जहां 14 घायलों का इलाज शुरू किया गया। अस्पताल प्रबंधक मुकेश कुमार की देखरेख में चिकित्सकों की टीम ने तत्काल प्राथमिक उपचार किया।

ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. आलोक राज ने बताया कि 8 यात्रियों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
ओवरटेक के दौरान मारी टक्कर


घायलों ने बताया कि बस अपने मार्ग पर जा रही थी, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करने के दौरान बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गई।

हादसे में बस और ट्रक दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। ट्रक चालक भी वाहन में फंस गया था, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
घायलों में ये लोग शामिल


हादसे में घायल यात्रियों में मधेपुरा जिले के सोनबरसा निवासी अनिल राम (44), सुजीत कुमार (21), सुतीक्ष्ण कुमार (49), आलमनगर निवासी एमडी उस्ताद (65), उदाकिशुनगंज निवासी साहिल कुमार (18), रंजीत कुमार (48), नूतन देवी (40), मवालीधन निवासी अंकित कुमार (25) शामिल हैं।

इसके अलावा पटना दानापुर निवासी करण कुमार (30), सुभद्रा देवी (48), जमुई निवासी ट्रक चालक जितेंद्र कुमार (40), सुपौल बसंतपुर निवासी एमडी शहंशाह (35), मधेपुरा ग्वालपाड़ा निवासी पांडव कुमार (26) तथा शंकरपुर निवासी अनिल मंडल (22) भी घायल हुए हैं।
पुलिस ने बहाल कराया यातायात


निर्मली थानाध्यक्ष सियावर मंडल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया गया।

पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।