पूर्णिया के गुलाबबाग जीरो माइल रेड लाइट एरिया में पुलिस की बड़ी रेड, 16 महिलाएं, 9 नाबालिग किशोरी समेत 32 हिरासत में
ऑपरेशन क्लीन के तहत हुई अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई
पूर्णिया जिले के गुलाबबाग जीरो माइल स्थित रेड लाइट एरिया में पुलिस ने सोमवार देर शाम बड़ी छापेमारी कर देह व्यापार के अवैध धंधे का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 16 महिलाएं, 9 नाबालिग किशोरी और 7 पुरुषों को हिरासत में लिया गया है। अचानक हुई रेड से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया।
1 से 30 अप्रैल तक चल रहे स्पेशल ड्राइव का हिस्सा
बताया गया कि बिहार पुलिस और नया सबेरा एनजीओ द्वारा 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन क्लीन के तहत यह बड़ी कार्रवाई की गई। सदर एसडीओ श्वेतम दीक्षित और सदर एसडीपीओ ज्योति शंकर स्वयं मौके पर मौजूद रहकर अभियान का नेतृत्व कर रहे थे। इसे जिले में अब तक की सबसे कड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
पूरे रेड लाइट इलाके को किया गया सील
मिली जानकारी के अनुसार, भारी संख्या में पुलिस बल के साथ पूरे रेड लाइट एरिया को पहले चारों तरफ से सील किया गया, ताकि कोई भी संदिग्ध फरार न हो सके। इसके बाद पुलिस टीम ने घर-घर तलाशी अभियान चलाया और संदिग्ध ठिकानों को खंगाला।
कार्रवाई में प्रशिक्षु डीएसपी, फणीश्वर नाथ रेणु टीओपी प्रभारी राज नंदनी, स्थानीय थाना पुलिस तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
गुप्त सूचना पर बनी योजना, मची भगदड़
बताया गया कि नया सवेरा एनजीओ से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने रणनीति तैयार की और अचानक दबिश दी। पुलिस टीम को देखते ही इलाके में भगदड़ मच गई, लेकिन पहले से सभी रास्तों की नाकेबंदी कर दी गई थी।
छापेमारी में पकड़े गए सभी 32 लोगों को सदर थाना लाया गया है, जहां महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में महिलाओं से अलग पूछताछ की जा रही है।
नेटवर्क के सरगनाओं की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे नेटवर्क के पीछे कौन लोग हैं और यह अवैध धंधा कब से संचालित किया जा रहा था। सदर एसडीपीओ ज्योति शंकर ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य इलाके से अवैध गतिविधियों को पूरी तरह समाप्त करना है।
पूछताछ के बाद एनजीओ के सहयोग से आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
लोगों से की अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि आसपास किसी भी तरह की संदिग्ध या अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।