Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 10 ग्राम स्मैक, 9.39 लाख नकद और कार के साथ युवक गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, April 29, 2026

मधेपुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 10 ग्राम स्मैक, 9.39 लाख नकद और कार के साथ युवक गिरफ्तार

मधेपुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 10 ग्राम स्मैक, 9.39 लाख नकद और कार के साथ युवक गिरफ्तार

मधेपुरा | सिंहेश्वर थाना क्षेत्र

मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को भारी मात्रा में नकदी, स्मैक और कार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 ग्राम 660 मिलीग्राम स्मैक, 9 लाख 39 हजार 200 रुपये नकद, एक टाटा टियागो कार और मोबाइल फोन बरामद किया है।

संदेह के आधार पर पकड़ा गया युवक

पुलिस को 28 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे संदेह के आधार पर शिवम कुमार उर्फ शिवम मिश्र (22 वर्ष) को पकड़ा गया। वह सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के भवानीपुर वार्ड संख्या-03 का निवासी बताया गया है। उसके पास अलग-अलग बंडलों में करीब 50 हजार रुपये मिले, जिससे पुलिस को शक हुआ कि यह किसी अवैध कारोबार की रकम है।

गुप्त सूचना पर हुई बड़ी बरामदगी

पुलिस युवक को लेकर थाना जा रही थी, तभी गुप्तचर से सूचना मिली कि गाड़ी में भारी मात्रा में रुपये और स्मैक रखा गया है। इसके बाद अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर दंडाधिकारी के रूप में पशुपालन पदाधिकारी डॉ. संजय राम को प्रतिनियुक्त किया गया।

दंडाधिकारी की मौजूदगी में टाटा टियागो कार (निबंधन संख्या BR-43Y-4189) की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार की बीच वाली सीट के नीचे रखे बैग से 88,230 रुपये तथा युवक की जेब से 50,850 रुपये बरामद हुए। कुल मिलाकर 9,39,200 रुपये नकद जब्त किए गए।

सीट कवर से मिला स्मैक

पुलिस ने ड्राइवर सीट के पीछे लगे सीट कवर से हरे रंग की चुनौटी बरामद की, जिसमें दो सफेद पॉलिथीन में बंधा स्मैक जैसा पदार्थ मिला। वजन करने पर इसकी मात्रा 10 ग्राम 660 मिलीग्राम पाई गई।

पूछताछ में कई खुलासे

पुलिस पूछताछ में आरोपी नकदी के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। स्मैक के बारे में उसने बताया कि यह उसने मो. अफताब, पिता मो. जफरूद्दीन, निवासी झिटकिया, थाना सिंहेश्वर से लिया था, जो मौके से फरार हो गया।

आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह स्मैक की खरीद-बिक्री के अलावा अपने साथियों के साथ चोरी और गृहभेदन की घटनाओं में भी शामिल रहा है।

केस दर्ज, जांच जारी

इस मामले में सिंहेश्वर थाना कांड संख्या 177/26, दिनांक 28.04.2026 को धारा 8(c)/21 NDPS एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

आरोपी का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार आरोपी शिवम कुमार के खिलाफ पहले भी सिंहेश्वर थाना कांड संख्या 212/22, दिनांक 21.03.2022, धारा 457/459/380 भादवि के तहत मामला दर्ज है। अन्य आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।

छापेमारी दल में शामिल अधिकारी

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष विनोद कुमार, संजय कुमार यादव, अंकिता कुमारी, रौशनी सिन्हा, उदय कुमार भानु, रविशंकर कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।