Kosi Live-कोशी लाइव PM आवास योजना में घूसखोरी का बड़ा खुलासा, EO समेत दो कर्मचारी 50 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, April 29, 2026

PM आवास योजना में घूसखोरी का बड़ा खुलासा, EO समेत दो कर्मचारी 50 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

जमुई में PM आवास योजना में घूसखोरी का बड़ा खुलासा, EO समेत दो कर्मचारी 50 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

जमुई: जिले के सिकंदरा नगर पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर घूसखोरी का बड़ा मामला सामने आया है। निगरानी विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए कार्यपालक पदाधिकारी संतोष कुमार और स्वच्छता प्रहरी सोनू चौधरी को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मौके से पूरी राशि भी बरामद कर ली गई।

वार्ड सदस्य की शिकायत पर हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई सिकंदरा नगर पंचायत के वार्ड संख्या 3 के सदस्य राजेश कुमार मिश्रा की शिकायत पर की गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री आवास योजना की फाइल पास कराने के नाम पर प्रति लाभुक 2500 रुपये की अवैध वसूली की जा रही है।

सत्यापन में सामने आई 1.60 लाख रुपये मांग

निगरानी विभाग ने शिकायत मिलने के बाद मामले का सत्यापन कराया। जांच में कुल 1 लाख 60 हजार रुपये घूस मांगने की बात सामने आई। इसके बाद टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई करने का निर्णय लिया।

रिश्तेदार बनकर पहुंची टीम, रंगे हाथ दबोचा

मंगलवार को निगरानी विभाग की टीम सिकंदरा पहुंची। टीम के सदस्य वार्ड सदस्य के रिश्तेदार बनकर अधिकारियों के पास पहुंचे। जैसे ही 50 हजार रुपये की राशि दी गई, टीम ने तुरंत दोनों आरोपियों को दबोच लिया।

पूछताछ जारी, आगे होगी कानूनी कार्रवाई

विशेष इकाई विभाग के उपाधीक्षक सुधीर कुमार ने बताया कि सत्यापन के बाद योजनाबद्ध तरीके से यह कार्रवाई की गई है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।