हेडलाइन:
शादी के 3 दिन बाद सड़क हादसे में युवक की मौत: खुशियों वाला घर मातम में बदला, नवविवाहिता हुई विधवा
खबर:
त्रिवेणीगंज: सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र में एनएच-327 ई पर मंगलवार की शाम हुए सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान जदिया थाना क्षेत्र के पिलुवाहा पंचायत वार्ड-2 निवासी दुखो यादव के पुत्र उमेश कुमार के रूप में हुई है। उमेश की शादी महज तीन दिन पहले ही हुई थी।
मिली जानकारी के अनुसार उमेश कुमार मंगलवार की शाम किसी काम से त्रिवेणीगंज बाजार आए थे और वहां से बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच-327 ई पर श्रीपुर विशननपुर गांव के पास सामने से आ रहे एक अन्य बाइक सवार से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद उमेश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दूसरा बाइक सवार मौके से भागने में सफल रहा।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल उमेश कुमार को अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज में भर्ती कराया गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल से ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
शादी के तीन दिन बाद ही टूटी खुशियां
बताया जाता है कि उमेश कुमार की शादी 6 मार्च को जदिया थाना क्षेत्र के गुड़िया पंचायत के लबढ़ी वार्ड-8 निवासी उपेंद्र यादव की पुत्री अंशु कुमारी के साथ धूमधाम से हुई थी। शादी के बाद घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन महज तीन दिन बाद ही सड़क हादसे में उमेश की मौत की खबर से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
जिस घर में कुछ दिन पहले शहनाइयों की गूंज थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। मृतक की मां बिंदा देवी और भाई बबलू यादव व दिनेश यादव का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं नवविवाहिता पत्नी अंशु कुमारी बार-बार यही पूछते हुए बेहोश हो जा रही है कि आखिर उनके साथ यह क्या हो गया।
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और ग्रामीण भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं।